Telangana Factory Blast: तेलंगाना में बड़ा धमाका: रिएक्टर फटने से फार्मा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर

punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 10:44 AM (IST)

नेशनल डेस्क: तेलंगाना के यादाद्री भुवनगिरी जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ के डोटीगुडेम स्थित 'ब्रुंडावन लैबोरेटरीज प्राइवेट लिमिटेड' में अचानक दो रिएक्टरों में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद पूरी फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई है।

जोरदार धमाके से मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। धमाके के तुरंत बाद फैक्ट्री से आग की ऊँची लपटें और धुएं का काला गुबार उठने लगा, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने बताया कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय कंपनी के अंदर कुल 11 कर्मचारी मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया।


दमकल की 10 गाड़ियों ने पाया काबू
आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की 10 गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। मौके पर चौटुप्पल डीएसपी मधुसूदन रेड्डी और फायर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी बचाव अभियान की निगरानी करने पहुंचे।


जांच के घेरे में हादसे की वजह
शुरुआती जांच में इसे 'रेडिएटर ब्लास्ट' से जुड़ा हादसा माना जा रहा है, लेकिन धमाके का असली कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। अधिकारियों ने बताया हादसे के समय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। धमाके से कंपनी की संपत्ति को भारी नुकसान पहुँचा है। फिलहाल किसी भी श्रमिक के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News