बेंगलुरु में खौफनाक मंजर: सॉफ्टवेयर इंजीनियर पति ने लगाया फंदा, सदमे में पत्नी ने 17वीं मंजिल से लगाई छलांग

punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 03:58 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर दंपति की मौत ने सबको झकझोर कर रख दिया है। मूल रूप से तेलंगाना के रहने वाले इस जोड़े की खुशहाल जिंदगी का अंत इतनी बेरहमी से होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। पुलिस के अनुसार, पति द्वारा आत्महत्या किए जाने के कुछ ही पलों बाद, उसकी पत्नी ने भी इमारत की ऊंचाई से कूदकर अपनी जान दे दी।

बंद कमरे में मिला पति का शव
मृतकों की पहचान 32 वर्षीय भानु चंदर रेड्डी कुंटा और उनकी 31 वर्षीय पत्नी बिबी शाजिया सिराज के रूप में हुई है। भानु पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और बेंगलुरु की एक कंपनी में कार्यरत थे। सोमवार को भानु ने अपने अपार्टमेंट के कमरे में खुद को कैद कर लिया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक दरवाजा न खुलने और कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर शाजिया ने शोर मचाया। जब पड़ोसियों और सुरक्षाकर्मियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर भानु का शव फंदे से लटका मिला।

पति की मौत देख खो बैठी आपा, 17वीं मंजिल से कूदी पत्नी
अपने पति को मृत देख शाजिया गहरे सदमे में चली गईं। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग उन्हें संभाल पाते, शाजिया ने अपार्टमेंट की 17वीं मंजिल से छलांग लगा दी। शाजिया खुद भी एक प्रतिष्ठित टेक कंपनी (IBM) में काम करती थीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह सब इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। एक हंसते-खेलते परिवार का इस तरह अंत देख पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।

तनाव या बीमारी? पुलिस हर पहलू की कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में अप्राकृतिक मौत के दो अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। हालांकि अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती जांच में पुलिस आपसी तनाव, मानसिक दबाव या किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या के कोण से मामले को देख रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी कि आखिर इस कदम के पीछे की मुख्य वजह क्या थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News