हिमाचल कांग्रेस में बड़ा बदलाव, विनय कुमार बने प्रदेश अध्यक्ष

punjabkesari.in Saturday, Nov 22, 2025 - 10:26 PM (IST)

नेशनल डेस्क: हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक अहम मोड़ आया है। पूर्व डिप्टी स्पीकर विनय कुमार को हिमाचल कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे प्रतिभा सिंह की जगह लेंगे, जो 2021 से यह जिम्मेदारी संभाल रही थीं। विनय कुमार रेणुका जी से विधायक हैं, शिमला संसदीय क्षेत्र से आते हैं और अनुसूचित जाति से संबंध रखते हैं।

नए दायित्व से पहले विनय कुमार ने अपने डिप्टी स्पीकर पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे विधानसभा अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिया। हालांकि उनकी विधायक सदस्यता बरकरार रहेगी। वे पहले हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

सीएम सुक्खू ने दी बधाई

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विनय कुमार को बधाई देते हुए लिखा कि उनका जनसेवा का लंबा अनुभव संगठन को नई दिशा और ताक़त देगा। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर कांग्रेस की विचारधारा और संगठन को और मजबूत करेंगे।

यूथ कांग्रेस का भी समर्थन

यूथ कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए विनय कुमार को नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई दी और उनके नेतृत्व में संगठन के और सशक्त होने की उम्मीद जताई।

प्रतिभा सिंह का कार्यकाल और राजनीतिक पृष्ठभूमि

प्रतिभा सिंह 2021 से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष थीं। दिसंबर 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के दौरान भी वे पद पर थीं। वे हिमाचल के छह बार मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं और राजपूत समाज से ताल्लुक रखती हैं- ठीक उसी तरह जैसे सीएम सुक्खू।

उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह वर्तमान हिमाचल सरकार में मंत्री हैं। प्रतिभा सिंह ने 2004 में मंडी लोकसभा सीट से चुनाव जीता था। 2024 के लोकसभा चुनाव में उनकी जगह विक्रमादित्य सिंह को मैदान में उतारा गया, लेकिन वे कंगना रनौत से हार गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News