WhatsApp पर आया बड़ा अपडेट, अब नए मेंबर भी तुरंत पढ़ सकेंगे पुरानी चैट्स

punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 11:03 PM (IST)

नेशनल डेस्क : इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने अपने यूजर्स के लिए एक नया और उपयोगी फीचर पेश किया है, जिससे ग्रुप चैट का अनुभव पहले से ज्यादा आसान और सुरक्षित हो जाएगा। इस फीचर की मदद से अब ग्रुप में जुड़े नए सदस्य को पुराने जरूरी मैसेज सीधे शेयर किए जा सकेंगे।

नए यूजर्स को मिलेगा पूरा चैट संदर्भ

कंपनी के आधिकारिक ब्लॉग के अनुसार, इस फीचर के जरिए ग्रुप में नए जुड़ने वाले सदस्य को बातचीत समझने में आसानी होगी। एडमिन या अन्य सदस्य हाल के मैसेज नए यूजर के साथ शेयर कर सकते हैं। इसमें कम से कम 25 और अधिकतम 100 मैसेज भेजने का विकल्प मिलेगा। इससे नए मेंबर को बार-बार सवाल पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वह तुरंत बातचीत के संदर्भ को समझ सकेगा।

प्राइवसी और सिक्योरिटी का खास ध्यान

WhatsApp ने इस फीचर को पूरी तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन के साथ डिजाइन किया है। यानी जो मैसेज शेयर किए जाएंगे, उन्हें सिर्फ वही लोग देख पाएंगे जिन्हें भेजा गया है। साथ ही, जब भी मैसेज हिस्ट्री शेयर होगी, ग्रुप के सभी सदस्यों को इसकी जानकारी मिलेगी। इसमें टाइमस्टैम्प और सेंडर की डिटेल भी साफ दिखाई देगी।

एडमिन के पास रहेगा पूरा कंट्रोल

इस फीचर में ग्रुप एडमिन को पूरा नियंत्रण दिया गया है। एडमिन चाहें तो इसे ऑन या ऑफ कर सकते हैं। खास बात यह है कि यह फीचर ऑटोमेटिक नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर ही मैन्युअली इस्तेमाल किया जाएगा। इससे अनचाहे मैसेज शेयर होने की संभावना भी कम हो जाएगी।

ऑफिस और फैमिली ग्रुप्स के लिए होगा फायदेमंद

यह नया फीचर खासतौर पर ऑफिस, फैमिली और स्टडी ग्रुप्स में उपयोगी साबित हो सकता है, जहां बातचीत का संदर्भ समझना जरूरी होता है। WhatsApp का यह कदम यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के साथ-साथ प्राइवसी और कंट्रोल को भी मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News