4.5 लाख परिवारों को मिलेगा लाभ, CM रेखा गुप्ता ने पश्चिमी दिल्ली में कचरा प्रबंधन परियोजना शुरू की

punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 11:16 PM (IST)

नेशनल डेस्क : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पश्चिमी दिल्ली में घर-घर जाकर कचरा संग्रहण और उसके द्वितीयक परिवहन परियोजना की बृहस्पतिवार को शुरुआत की। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में बताया कि यह परियोजना पश्चिमी दिल्ली नगर निगम के 25 वार्डों के लगभग 4.50 लाख परिवारों को कवर करेगी।

बयान के मुताबिक, इसकी शुरुआत पहले चरण में 6 वार्डों से हो गई है, जबकि शेष 19 वार्डों को 31 अगस्त तक जोड़ा जाएगा। स्वच्छता व्यवस्था के लिए 917 अत्याधुनिक वाहनों और आधुनिक कचरा संग्रहण संसाधनों की तैनाती की गई है, जिससे हर घर से समयबद्ध और प्रभावी कचरा संग्रहण सुनिश्चित होगा। इसमें कहा गया है कि संकरी गलियों तक आसान पहुंच के लिए 225 ई-रिक्शा व 550 मिनी टिपर समेत अन्य वाहन शामिल हैं। बयान में कहा गया है कि कचरा उठाने की पूरी प्रक्रिया की निगरानी जीपीएस आधारित केंद्रीय नियंत्रण कक्ष, सीसीटीवी और हेल्पलाइन के ज़रिए डिजिटल रूप से की जाएगी।

मुख्यमंत्री गुप्ता ने सफाई कर्मचारियों से बातचीत की और उनके साथ भोजन भी किया। गुप्ता ने उनकी समर्पित सेवा और स्वच्छ व सुंदर दिल्ली के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। इस अवसर पर दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही और नगर निगम के शीर्ष अधिकारी उपस्थित थे। सिरसा ने कहा कि दिल्ली सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि घर से निकलने वाला कचरा अब प्रतिदिन दो बार (सुबह और शाम) एकत्र किया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News