मुंबई में बड़ा हादसा, 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा गिरने से 2 लोगों की मौ'त; 5 घायल
punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 05:58 AM (IST)
नेशनल डेस्कः मुंबई के दक्षिण मुंबई स्थित भूलेश्वर इलाके में शनिवार रात को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। यहां आगमन के दौरान करीब 22 फीट ऊंची ‘भूलेश्वरचा राजा’ की भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह धराशायी हो गई। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
पंडाल से महज 50 मीटर पहले हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शनिवार (22 अगस्त) की रात करीब 9:51 बजे बलराम मर्चेंट रोड, कबूतरखाना और जय अंबे चौक के पास हुआ। भगवान गणेश की इस विशाल प्रतिमा को भायखला से भूलेश्वर स्थित पंडाल में ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि प्रतिमा अपने पंडाल से महज 50 से 60 मीटर की दूरी पर थी, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से यह बड़ा हादसा हो गया।
#WATCH | Mumbai, Maharashtra | Two dead and five injured after a massive Ganesh Idol of Bhuleshwar Cha Raja fell during its arrival procession at the Balaram Merchant Road in the Bhuleshwar area.
— ANI (@ANI) August 22, 2026
The names of the deceased are Sanket Nevshe, 33 years, and Brijesh Hemant Joshi,… pic.twitter.com/QMOC0Y1oLr
मृतकों और घायलों की हुई पहचान
घटना की सूचना मिलते ही बीएमसी फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 एम्बुलेंस और बीएमसी वार्ड स्टाफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और राहत कार्य शुरू किया। हादसे का शिकार हुए सभी लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान संकेत नेवशे और बृजेश हेमंत जोशी के रूप में की गई है। वहीं, पांच घायलों की पहचान वैभव घेनंद, पवन चौरसिया, लावण्या गनेर, दिव्या गनेर और कुणाल काशिद के रूप में हुई है। नगर निकाय के डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।
बता दें कि मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में 10 दिनों तक चलने वाला गणेशोत्सव सबसे बड़े और धूमधाम से मनाए जाने वाले त्योहारों में से एक है, जिसमें भव्य जुलूस निकालने की एक दशक से भी पुरानी परंपरा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा: भाजपा नेता के 2 बेटों समेत 5 डूबे, 3 को बचाया, दोनों सगे भाई लापता
