करम पर्व के दौरान वृक्ष की पूजा, डाल के विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, तीन नाबालिग समेत 5 लोग नदी में डूबे
punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 11:54 AM (IST)
मेदिनीनगर (झारखंड) : झारखंड के पलामू जिले में बुधवार को आदिवासी पर्व करम के दौरान वृक्ष की पूजी गई एक डाल के विसर्जन के दौरान तीन नाबालिग समेत कम से कम पांच लोग कोयल नदी में डूब गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकया गांव में हुई।
झारखंड में सरहुल के बाद प्रमुख आदिवासी पर्वों में से एक करम मंगलवार को मनाया गया। इस पर्व का समापन पूजा के दौरान स्थापित की गई करम वृक्ष की डाल के विसर्जन के साथ होता है। पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया, 'विसर्जन के दौरान आठ वर्षीय एक लड़का नदी में गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए चार लोग नदी में कूदे और पांचों डूब गए।'
उन्होंने बताया कि सभी के शव नदी से निकाल लिए गए हैं और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मृतकों की पहचान अमित कुमार ठाकुर (22), नितीश कुमार सिंह (18), विशाल पासवान (16), राजा सिंह (12) और हेमंत कुमार सिंह (8) के रूप में हुई है।
