बड़ा हादसाः नदी में पलटी 14 लोगों से भरी नाव, मची चीख-पुकार; मजदूरी कर लौट रहे थे सभी

punjabkesari.in Tuesday, Sep 23, 2025 - 11:20 PM (IST)

नेशनल डेस्कः बिहार के सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र के बेलापट्टी में मंगलवार की शाम एक बड़ा नाव हादसा हुआ। मिरचैया नदी पार करते समय यात्रियों से भरी नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई है, जबकि चार महिलाएं देर रात तक लापता थीं। नाव पर कुल 14 लोग सवार थे, जिनमें दो नाविक, 10 महिलाएं और दो नाबालिग लड़कियां शामिल थीं।

मजदूरी करके लौट रही थीं महिलाएं

पुलिस और स्थानीय लोगों के मुताबिक, छातापुर थाना क्षेत्र के डहरिया पंचायत के चकला गांव की महिलाएं और दो लड़कियां बेलापट्टी गई थीं। उन्हें वहां गुड़िया पंचायत के बेलापट्टी पट छुड़ाने के काम पर ले जाया गया था। ये महिलाएं दैनिक मजदूरी करके घर लौट रही थीं। इसी दौरान नाव असंतुलित होकर मिरचैया नदी में पलट गई।

नाविक तैरकर भाग गए, महिलाएं फंसीं

नाव डूबते ही दोनों नाविक तैरकर नदी से बाहर निकल गए और फरार हो गए। वहीं, नाव में सवार महिलाएं और लड़कियां पानी में फंस गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया, लेकिन नदी के तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

प्रशासन और स्थानीय लोग जुटे बचाव में

स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई। पट्टी इलाका, नदी के किनारे और आसपास के गांवों के लोग भी मदद के लिए पहुंचे। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों को भी बचाव कार्य में लगाया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News