महाराष्ट्र: नगर से जिला परिषद तक BJP का राज – 552 सीटें महायुति की झोली में, MVA को करारा झटका!
punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 10:47 PM (IST)
नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र की ग्रामीण राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव 2026 के नतीजों ने साफ कर दिया है कि राज्य में BJP के नेतृत्व वाली महायुति ने जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है। 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनाव परिणाम 9 फरवरी 2026 को घोषित हुए, जिनमें महायुति ने रिकॉर्ड बहुमत के साथ जीत दर्ज की।
कुल 731 जिला परिषद सीटों में से महायुति ने 552 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि 1,462 पंचायत समिति सीटों में से 1,000 से ज्यादा सीटें गठबंधन के खाते में गईं। यह जीत विपक्षी महाविकास आघाड़ी (MVA) के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।
BJP बनी महायुति की धुरी, सबसे ज्यादा सीटों पर जीत
नतीजों में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में भारतीय जनता पार्टी (BJP) उभरकर सामने आई है। BJP ने अकेले 225 जिला परिषद सीटें जीतकर सभी दलों को पीछे छोड़ दिया। पंचायत समिति चुनावों में भी पार्टी ने 459 सीटों पर विजय हासिल की। वहीं, गठबंधन सहयोगियों का प्रदर्शन भी मजबूत रहा— एनसीपी (अजित पवार गुट): 165 ZP सीटें, 306 PS सीटें,शिंदे गुट की शिवसेना: 162 ZP सीटें, 302 PS सीटें। इसके उलट कांग्रेस समेत महाविकास आघाड़ी के अन्य दलों को कई जिलों में करारी हार का सामना करना पड़ा।
शहरी से ग्रामीण तक जीत का सिलसिला
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक यह परिणाम कोई एक चुनावी लहर नहीं, बल्कि लगातार तीन स्तरों पर मिली जीत का नतीजा है।
- नवंबर 2025: नगर परिषद चुनाव
- जनवरी 2026: महानगरपालिका चुनाव
- फरवरी 2026: जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव
तीनों में महायुति की जीत ने यह संकेत दे दिया है कि गठबंधन की रणनीति शहरी ही नहीं, बल्कि ग्रामीण मतदाताओं के बीच भी असरदार साबित हुई है।
फडणवीस–चव्हाण की जोड़ी बनी जीत की चाबी
इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण की जोड़ी को अहम माना जा रहा है। फडणवीस ने विकास, प्रशासन और स्थानीय मुद्दों को चुनाव का केंद्र बनाया। रविंद्र चव्हाण ने संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय किया और कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरी।
रणनीतिक प्रचार, अनुशासन और स्पष्ट राजनीतिक संदेश के चलते कई जिलों में BJP सबसे बड़ी पार्टी बनी। सिंधुदुर्ग, सतारा, सोलापुर, छत्रपति संभाजीनगर जैसे जिलों में गठबंधन का प्रदर्शन खास तौर पर चर्चा में रहा।
पीएम मोदी–अमित शाह की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर देवेंद्र फडणवीस और रविंद्र चव्हाण को बधाई दी और महाराष्ट्र की जनता का आभार जताया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इसे विकास और सुशासन के पक्ष में जनादेश बताया, जबकि चव्हाण ने जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं की मेहनत और मतदाताओं के भरोसे को दिया।
