सीबीआई ने भ्रष्टाचार के आरोप में महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Apr 06, 2022 - 01:08 PM (IST)

मुंबई: सीबीआई ने महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को गिरफ्तार किया है। अनिल देशमुख के खिलाफ दर्ज भ्रष्टाचार के मामले में यह गिरफ्तार हुई है।  इससे पहले, एजेंसी ने देशमुख के निजी सहायक कुंदन शिंदे और सचिव संजीव पलांडे और बर्खास्त सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन वाजे को हिरासत में लिया था।
 

बता देंकि हाल ही में बॉम्बे हाईकोर्ट ने अनिल देशमुख की याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया था। जस्टिस डेरे ने निर्देश दिया कि याचिका को दूसरी पीठ के समक्ष रखा जाए। देशमुख ने विशेष सीबीआई अदालत के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें कथित भ्रष्टाचार के एक मामले में उनकी हिरासत की मांग करने वाले सीबीआई के आवेदन को अनुमति दी गई थी।
 

सीबीआई ने आरोप लगाया कि अनिल देशमुख जानबूझकर एजेंसी की हिरासत से बचने की कोशिश कर रहे थे। इसलिए उन्होंने खुद को सरकारी जेजे अस्पताल में भर्ती कराया। 

 
बता दें कि, मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परम बीर सिंह ने आरोप लगाया था कि तत्कालीन गृह मंत्री देशमुख ने पुलिस अधिकारियों को शहर के रेस्तरां और बार से हर महीने 100 करोड़ रुपये वसूलने का लक्ष्य दिया था। वहीं देशमुख ने इन आरोपों को खारिज किया था, लेकिन बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा सीबीआई को उनके खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश देने के बाद पिछले साल अप्रैल में राज्य कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Recommended News

Related News