परिचालन कारणों से लखनऊ-मुंबई फ्लाइट रद्द, एयर इंडिया ने दी जानकारी

punjabkesari.in Wednesday, Jun 18, 2025 - 12:01 PM (IST)

नेशनल डेस्क: एअर इंडिया ने बुधवार को कहा कि उसने ‘‘परिचालन कारणों'' और उड़ान मार्ग में परिवर्तन की वजह से 17 जून के लिए निर्धारित अपनी लखनऊ-मुंबई उड़ान सेवा को रद्द कर दिया। एअर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों को जल्द से जल्द लखनऊ पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि 17 जून के लिए निर्धारित मुंबई से लखनऊ जाने वाली एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई2491 को ‘‘परिचालन कारणों'' से रद्द कर दिया गया। एयरलाइन ने बताया कि दिल्ली में भारी बारिश के कारण उड़ान मार्गों के परिवर्तन की वजह से भी उड़ान को रद्द करने का निर्णय लिया गया।

इसके साथ ही जिन उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया, उनके देरी से गंतव्य तक पहुंचने का असर चालक दल के पहुंचने पर भी हुआ। एयरलाइन ने बताया कि मौसम संबंधी देरी और बाधाओं के कारण उनके बदले में अन्य चालक दल की व्यवस्था तुरंत नहीं की जा सकी। उसने बताया कि प्रभावित यात्रियों की परेशानियों को कम करने के लिए उन्हें होटल में ठहराया गया। उसने बताया कि यात्रियों को उड़ान रद्द होने पर पूरा किराया वापस करने या किसी और उड़ान में उनके जाने की व्यवस्था करने का प्रस्ताव भी दिया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News