''अमन'' बनकर लूटी अस्मत, ''अली शेख'' बनकर दी धमकी, सालों तक देता रहा शादी का झांसा, फिर एक दिन होटल बुलाया और...
punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 04:56 PM (IST)
नेशनल डेस्क। यूपी के लखनऊ में धोखे और दरिंदगी की एक ऐसी दास्तां सामने आई है जिसने सबको हैरान कर दिया है। एक युवती ने अली शेख नाम के युवक पर अपनी पहचान छिपाकर दोस्ती करने, शादी का झांसा देकर 8 साल तक यौन शोषण करने और फिर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
शादी का वादा कर बनाए शारीरिक संबंध
पीड़िता के अनुसार यह कहानी 8 साल पहले शुरू हुई थी। उस वक्त आरोपी ने अपना नाम 'अमन सिंह' बताया था। हिंदू नाम के झांसे में आकर युवती ने उस पर भरोसा किया और दोनों के बीच दोस्ती हो गई। आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए लेकिन जब भी युवती शादी का दबाव बनाती वह कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देता।
जब चेहरे से उतरा मुखौटा
सच्चाई तब सामने आई जब युवती को पता चला कि जिसे वह 'अमन' समझ रही थी वह असल में अली शेख है। भेद खुलने पर आरोपी ने पैंतरेबाजी शुरू कर दी। उसने युवती को यकीन दिलाया कि वह हिंदू रीति-रिवाज या कोर्ट मैरिज के जरिए शादी कर लेगा लेकिन शादी करने के बजाय उसने युवती को उसके अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
होटल में बुलाकर मारपीट और दुष्कर्म
पीड़िता का आरोप है कि बीते 1 अप्रैल को अली शेख ने उसे बातचीत के बहाने इंदिरा नगर के एक होटल में बुलाया। वहां उसने युवती के साथ फिर से दुष्कर्म किया और विरोध करने पर बुरी तरह मारपीट भी की।
पुलिस की कार्रवाई
हार मानकर पीड़िता ने 5 अप्रैल को गाजीपुर थाने में FIR दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक आरोपी अली शेख पेशे से बढ़ई (Carpenter) है। उसके खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और यौन शोषण की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जल्द ही मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता के बयान दर्ज कराए जाएंगे। पुलिस फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
