ये कैसी दोस्ती! युवक को श्मशान घाट बुलाया, फिर अश्लील वीडियो बनाकर जो किया... जानकर उड़ जाएंगे होश
punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 04:44 PM (IST)
नेशनल डेस्क: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में एक सनसनीखेज 'हनीट्रैप' का मामला सामने आया है, जहां एक युवती और उसके गिरोह ने एक व्यापारी को अपनी बातों के जाल में फंसाकर न केवल बंधक बनाया, बल्कि अश्लील वीडियो बनाकर लाखों रुपए की उगाही भी की। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के निवासी व्यापारी सुपद मंडल इस सुनियोजित साजिश का शिकार बने हैं। आरोपियों ने उन्हें दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया है।
साजिश की शुरुआत: फोन पर दोस्ती और भरोसे का कत्ल
पीड़ित सुपद मंडल के अनुसार, एक अज्ञात युवती पिछले कई दिनों से उनसे फोन पर बात कर रही थी। धीरे-धीरे उसने व्यापारी का भरोसा जीत लिया और मित्रता प्रगाढ़ कर ली। 27 मार्च को युवती ने उन्हें मिलने के बहाने फुलसुंगा श्मशान घाट के पास बुलाया। वहां से युवती उन्हें अपने घर ले गई, जहां पहले से घात लगाए बैठे उसके साथियों ने व्यापारी को घेर लिया।
बंधक बनाकर बनाया अश्लील वीडियो
आरोप है कि घर में घुसते ही गिरोह के सदस्यों ने सुपद मंडल को बंधक बना लिया। बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और जबरन कपड़े उतरवाकर उनका अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू हो गया। आरोपियों ने वीडियो डिलीट करने के बदले 5 लाख रुपये की मांग की। पैसे न देने पर उन पर दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज कराने की चेतावनी दी गई। डर के मारे पीड़ित ने कुछ रकम ऑनलाइन ट्रांसफर की और बाद में नकद भी दिए, लेकिन आरोपियों का लालच बढ़ता ही गया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर व्यापारी ने अंततः पुलिस की शरण ली। रुद्रपुर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
