''संसद की गरिमा को समाप्त कर रहे हैं’ साधु बने पप्पू यादव के प्रदर्शन पर बोले स्पीकर ओम बिरला
punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 08:45 PM (IST)
नई दिल्ली: बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने अयोध्या राम मंदिर के चंदे में कथित हेराफेरी के मुद्दे पर संसद परिसर में अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। शुक्रवार को उन्होंने साधु का भेष धारण कर भगवा चोला पहनकर संसद पहुंचे और परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान कई विपक्षी सांसद उनके साथ नजर आए। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी पप्पू यादव के इस प्रदर्शन में शामिल होकर समर्थन जताया। समाजवादी पार्टी के सांसदों ने भी इस मुद्दे पर उनके साथ प्रदर्शन किया। अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद भी इस प्रदर्शन में शामिल रहे।
प्रियंका गांधी और डिंपल यादव भी मौजूद
प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव ने राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के सांसदों से प्रतीकात्मक रूप से चंदा लिया। कुछ सांसदों ने सांकेतिक तौर पर छीना-झपटी भी की। इस दौरान विपक्षी सांसदों ने जमकर नारेबाजी की। प्रियंका गांधी और डिंपल यादव समेत कई विपक्षी सांसद भी मौजूद रहे।
सदन में हंगामा
मानसून सत्र के 10वें दिन यह प्रदर्शन सदन की कार्यवाही शुरू होने के साथ हुआ। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों को चेतावनी दी, लेकिन हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। पप्पू यादव का आरोप है कि अयोध्या राम मंदिर में दिए गए चढ़ावे-चंदे में अनियमितताएं बरती जा रही हैं। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर संसद में ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। वहीं लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने इसपर नाराजगी जताते हुए कहा कि संसद की गरिमा को समाप्त कर रहे हैं।
