LPG गैस नहीं होगी खत्म, डिलीवरी भी नॉर्मल... सिलेंडर सप्लाई पर सरकार ने बताई खास बात
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 01:28 AM (IST)
नेशनल डेस्क : हाल के दिनों में रसोई गैस (LPG) की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच केंद्र सरकार की ओर से राहत भरी खबर सामने आई है। पेट्रोलियम मंत्रालय के ताजा अपडेट के अनुसार, देशभर में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अब पूरी तरह सामान्य हो चुकी है, जिससे आम लोगों की चिंता काफी हद तक कम हो गई है।
‘पैनिक बुकिंग’ में आई गिरावट
गैस की कमी की आशंका के चलते कई जगहों पर लोग जल्दबाजी में एडवांस बुकिंग कर रहे थे। अब स्थिति सामान्य होने के बाद इस तरह की ‘पैनिक बुकिंग’ में तेजी से कमी आई है। इससे सप्लाई सिस्टम पर पड़ रहा अतिरिक्त दबाव भी घटा है।
कमर्शियल गैस सप्लाई बढ़ाने पर जोर
सरकार ने सिर्फ घरेलू ही नहीं, बल्कि कमर्शियल LPG सप्लाई को भी मजबूत करने के लिए कदम उठाए हैं। राज्यों को अतिरिक्त गैस आवंटन दिया गया है, ताकि होटल, ढाबा, उद्योग और अन्य जरूरी सेवाओं का काम बिना बाधा जारी रह सके।
जरूरी सेवाओं को प्राथमिकता
पेट्रोलियम मंत्रालय ने राज्यों को निर्देश दिए हैं कि गैस वितरण में अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र और शैक्षणिक संस्थानों को सबसे पहले प्राथमिकता दी जाए। इससे मरीजों की देखभाल और छात्रों की जरूरतों पर कोई असर न पड़े।
PNG नेटवर्क के विस्तार पर फोकस
सरकार भविष्य में गैस आपूर्ति को और बेहतर बनाने के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) नेटवर्क के विस्तार पर भी काम कर रही है। राज्यों से कहा गया है कि वे नए PNG कनेक्शन देने की प्रक्रिया को आसान बनाएं, ताकि सिलेंडर पर निर्भरता कम हो सके।
जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्ती
सरकार ने साफ किया है कि गैस की जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कई जगहों पर जांच टीमें गैस एजेंसियों और गोदामों पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
बंदरगाहों पर संचालन सामान्य
ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से एक और अच्छी खबर यह है कि देश के सभी प्रमुख बंदरगाहों पर कामकाज सामान्य रूप से चल रहा है। पेट्रोलियम उत्पादों का आयात बिना किसी रुकावट के जारी है।
