कश्मीर में हड़ताल के बाद जनजीवन सामान्य

punjabkesari.in Saturday, Apr 14, 2018 - 04:26 PM (IST)

श्रीनगर : कश्मीर में अलगाववादियों की ओर से की गई दो दिन की हड़ताल के बाद आज जनजीवन सामान्य रहा। श्रीनगर में दुकानें और सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुले रहे। इसके अलावा यातायात भी सामान्य रहा। सिविल लाइंस और श्रीनगर के नए इलाकों में व्यस्त मार्गों पर लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या का भी सामना करना पड़। कश्मीर घाटी में सभी शैक्षणिक संस्थानों में भी कामकाज सामान्य रहा। सिविल लाइंस के प्रमुख व्यापार केन्द्रों के अलावा श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक, हरी सिंह हाई स्ट्रीट, गनीखान, रेजीडेंसी रोड, मौलाना आजाद रोड, माहराज बाजार, बटमालू, इकबाल पार्क, डलगेट, रीगल चौक और बादशाह चौक में भी सभी व्यापारिक गतिविधियां सामान्य रहीं।


इसी प्रकार उत्तर कश्मीर के बारामूला, सोपोर, बांडीपुरा, और पट्टन में भी जनजीवन सामान्य रहा। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग, पुलवामा और शोपियां में भी जीवन पुनरू पटरी पर लौट आया है। मध्य कश्मीर के बडगाम और गंदरबल में भी जनजीवन सामान्य रहा।

जेआरएल ने किया था बंद का आहवान 
बता दें कि सैयद अली शाह गिलानी, मीरवायज उमर फारुक और यासीन मलिक के संयुक्त प्रतिरोध नेतृत्व (जे.आर.एल.) ने कुलगाम में नागरिकों की मौत के खिलाफ गुरुवार को हड़ताल और शुक्रवार को प्रदर्शनों का आह्वान किया था। इस बीच श्रीनगर में पुराने इलाके तथा शहर ए खास में दो दिनों के बाद प्रतिबंधों को हटा लिया गया।

रेल सेवा बहाल 
इस बीच सुरक्षा कारणों से स्थगित रेल सेवा को तीन दिनों के बाद आज बहाल कर दिया गया है। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कश्मीर में तीन दिनों के बाद रेल सेवा बहाल कर दी गई है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Monika Jamwal

Recommended News

Related News