25 करोड़ LIC पॉलिसीधारकों के लिए जरूरी खबर: 10 साल के अंदर नहीं लिया क्लेम तो जानें कहां चला जाता है आपका पैसा?
punjabkesari.in Saturday, Aug 02, 2025 - 08:47 AM (IST)

नेशनल डेस्क: अगर आपने भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) से कोई पॉलिसी ली है और उसकी मैच्योरिटी के बाद भी अब तक क्लेम नहीं किया है, तो आपके लिए यह जानकारी जानना बेहद जरूरी है।
LIC के नियमों के अनुसार, यदि कोई पॉलिसीधारक अपनी मैच्योर पॉलिसी की राशि 10 वर्षों के भीतर क्लेम नहीं करता है, तो वह राशि "सीनियर सिटीजन वेलफेयर फंड" में ट्रांसफर कर दी जाती है। यानी LIC पॉलिसीधारकों को 10 साल तक अपनी अनक्लेम्ड रकम पर अधिकार देती है, लेकिन उसके बाद यह पैसा वृद्धजनों के कल्याण में खर्च कर दिया जाता है।
इस फंड का उपयोग वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायता योजनाएं, सामाजिक सुरक्षा, और कल्याणकारी कार्यों में किया जाता है।
इसलिए अगर आपकी या आपके परिवार के किसी सदस्य की कोई LIC पॉलिसी है जिसकी मैच्योरिटी हो चुकी है, तो तुरंत उसकी स्थिति जांचें और जल्द से जल्द क्लेम की प्रक्रिया पूरी करें। आप LIC की आधिकारिक वेबसाइट licindia.in पर जाकर यह पता कर सकते हैं कि आपकी कोई राशि अनक्लेम्ड है या नहीं।
कंपनी के बारे में...
भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की स्थापना 1956 में हुई थी, जब देश भर की 245 छोटी-बड़ी इंश्योरेंस कंपनियों को मिलाकर एक राष्ट्रीयकृत संस्था के रूप में बनाया गया। तब से लेकर आज तक लगभग 25 करोड़ से अधिक लोगों ने LIC की पॉलिसी ली है, जिसने भारत में भरोसे और सुरक्षा का मजबूत नाम कायम किया है।
जीवन बीमा, टर्म इंश्योरेंस या हेल्थ इंश्योरेंस के क्षेत्र में LIC को देश के सबसे भरोसेमंद संस्थानों में गिना जाता है। खासकर सैलरीड और मिडिल क्लास वर्ग के लोगों में LIC की पॉलिसियों का व्यापक क्रेज देखा जाता है। चूंकि LIC की पॉलिसी आमतौर पर लंबी अवधि की होती हैं, इसलिए कई बार पॉलिसीधारक अपनी मैच्योरिटी राशि निकालना भूल जाते हैं या देर से करते हैं। ऐसे मामलों में मैच्योरिटी अमाउंट अनक्लेम्ड डिपॉजिट के रूप में LIC के पास पड़ा रहता है। इतना ही नहीं हाल ही कंपनी के फाइनेंशियल वर्ष 2023-24 के आंकड़ों के अनुसार, LIC के पास करीब 882 करोड़ रुपये की अनक्लेम्ड मैच्योरिटी रकम पड़ी है। यह रकम 3 लाख से ज्यादा पॉलिसीहोल्डर्स की है, जिन्होंने अपनी पॉलिसी की मैच्योरिटी राशि अभी तक क्लेम नहीं की।