बिजनौर में तेंदुए का आतंक, दुकान से सामान लेकर घर लौट रहे 10 साल के बच्चे को मार डाला

punjabkesari.in Friday, Sep 29, 2023 - 05:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बिजनौर जिले के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में अपने घर के पास दुकान से सामान लेने गए एक बालक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इसके बाद आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन इलाज के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया।   

खेत से निकले तेंदुए ने बच्चे पर किया हमला 
अफजलगढ़ के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) पंकज तोमर ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव माननगर निवासी संजय कुमार का 10 वर्षीय पुत्र नैतिक बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे अपने घर के पास में ही एक दुकान से कुछ सामान लेने गया था। वापस आते समय खेत से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। संजय का घर गांव से बाहर बना हुआ है। 

शोर मचाने पर भाग गया तेंदुआ
एसएचओ ने बताया कि आस-पास खड़े लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया, लेकिन तब तक नैतिक गंभीर रूप से घायल हो चुका था। उसे धामपुर में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। तेंदुए के हमले से ग्रामीण आक्रोशित हो गए।

तेंदुए के हमले में अब तक हुईं 15 मौतें 
उप जिलाधिकारी मोहित कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकारी भरत सोनकर ने पीड़ित परिवार को मुआवजे और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। वनाधिकारी ए के सिंह ने बताया कि जिले में तेंदुए के हमले में 15 मौतें होने के बाद दो नरभक्षी तेंदुओं को मारने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तेंदुआ प्रभावित स्थानों पर पिंजरे लगाए जा रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News