Hotel Hilton! जहां चलीं ट्रंप की डिनर पार्टी में गोलियां, जानिए यहां एक रात का किराया कितना और इसकी खासियत?
punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 01:22 PM (IST)
Washington Hilton Firing : वॉशिंगटन का मशहूर 'हिल्टन होटल' इस समय चर्चा का केंद्र बना हुआ है। 'व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर' के दौरान यहां हुई गोलीबारी ने सुरक्षा पर तो सवाल खड़े किए ही हैं साथ ही लोगों की दिलचस्पी इस आलीशान होटल को लेकर भी बढ़ गई है। आइए जानते हैं कि इस ऐतिहासिक होटल में एक रात गुजारने का किराया कितना है और इसकी खासियत क्या है? वाशिंगटन हिल्टन में रुकना हर किसी के बस की बात नहीं है।

यहां के कमरों का किराया मांग और सीजन के हिसाब से बदलता रहता है। सामान्यतः यहां एक रात रुकने का खर्च $300 से $400 के बीच आता है जो भारतीय मुद्रा में लगभग ₹25,000 से ₹33,000 के करीब बैठता है। जब भीड़ कम होती है तो किराया घटकर $121 (करीब ₹10,000) तक भी आ जाता है। वहीं कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर जैसे बड़े आयोजनों के वक्त किराया $344 (₹28,000 से ज्यादा) के पार पहुंच जाता है।
यह भी पढ़ें: Goodbye Raghu Rai: नहीं रहे दुनिया के दिग्गज फोटो Journalist रघु राय, 83 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
सिर्फ कमरे का किराया ही काफी नहीं!
सिर्फ कमरे का किराया ही काफी नहीं है। बिल में टैक्स के अलावा एक 'डेली डेस्टिनेशन चार्ज' भी जुड़ता है। इसके कारण आपके कुल बिल में ₹4,000 से ₹5,000 की अतिरिक्त बढ़ोतरी हो जाती है।

जानिए क्या है इस होटल की खासियत?
यह सिर्फ एक 4-स्टार प्रॉपर्टी नहीं बल्कि एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। 1965 में खुले इस होटल को मशहूर आर्किटेक्ट विलियम बी. टैबलर ने डिजाइन किया था। इसका 'डबल आर्क' आकार इसे दुनिया के अन्य होटलों से अलग बनाता है। इसके साथ ही यहां का 30,000 वर्ग फीट का विशाल बॉलरूम बिना किसी खंभे के बना है जो वॉशिंगटन के सबसे बड़े हॉल में गिना जाता है।

यही वजह है कि यहां राष्ट्रपतियों और वैश्विक नेताओं के बड़े कार्यक्रम होते हैं। वहीं यहां जिम, स्विमिंग पूल और 'पेट फ्रेंडली' कमरों जैसी तमाम लग्जरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। पिछले कई दशकों से यह होटल दुनिया के सबसे शक्तिशाली नेताओं का ठिकाना रहा है। यहां की सुरक्षा बेहद कड़ी रहती है लेकिन ताजा फायरिंग की घटना ने इस ऐतिहासिक इमारत के नाम के साथ एक नया विवाद जोड़ दिया है।
