कानून मंत्री के पद से हटाए जाने के बाद किरेन रिजिजू का पहला रिएक्शन...जानिए क्या कहा
punjabkesari.in Thursday, May 18, 2023 - 12:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल करते हुए गुरुवार को किरेन रिजिजू की जगह संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल को कानून मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया। रिजिजू अब पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का प्रभार संभालेंगे। वहीं कानू मंत्रालय छिने जाने के बाद रिजिजू का पहला रिएक्शन सामने आया है। रिजिजू ने कहा कि कानून मंत्री के रूप में काम करना सम्मान की बात, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को पूरा करने के लिए काम करने को लेकर आशान्वित हूं। रिजिजू ने चीफ जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़, अन्य न्यायाधीशों और विधि अधिकारियों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
बता दें कि न्यायिक नियुक्तियों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के साथ लगातार टकराव का सामना करने वाले रिजिजू 7 जुलाई, 2021 को कानून मंत्री बने थे। उस समय खेल मंत्री और अल्पसंख्यक मामलों के राज्यमंत्री रिजिजू को भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद के इस्तीफे के बाद यह प्रतिष्ठित जिम्मेदारी मिली थी। रिजिजू ने पिछले साल नवंबर में कहा था कि शीर्ष अदालत और उच्च न्यायालयों में नियुक्तियां करने की कॉलेजियम प्रणाली भारत के संविधान से अलग है और देश के लोगों द्वारा समर्थित नहीं है। जनवरी में, उन्होंने कॉलेजियम प्रणाली में सरकार के नामित लोगों को शामिल करने के लिए चीफ जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ को पत्र भी लिखा था।
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद के मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा किया है। बयान में कहा गया है, ‘‘पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का प्रभार किरेन रिजिजू को सौंपा गया है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे थे। मेघवाल वर्तमान में संसदीय कार्य राज्यमंत्री और संस्कृति राज्यमंत्री हैं। बयान के अनुसार, मेघवाल को उनके मौजूदा विभागों के अतिरिक्त कानून और न्याय मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है।