चुनावों की तारीखों के ऐलान के बाद बोले केजरीवाल- बेसब्री से कर रहे थे इंतजार, तानाशाही के खिलाफ वोट करने की अपील की

punjabkesari.in Sunday, Mar 17, 2024 - 06:14 AM (IST)

नई दिल्लीः आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने जनता से ‘‘तानाशाही और गुंडागर्दी'' के खिलाफ मतदान करने की शनिवार को अपील की। आम आदमी पार्टी ने कहा कि लोग आम चुनाव का ‘‘बेसब्री से'' इंतजार कर रहे थे। लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा का स्वागत करते हुए ‘आप' ने भाजपा पर संविधान का उल्लंघन करने और अपने 10 साल के शासन के दौरान लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।

दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने लोगों से ‘आप' उम्मीदवारों को वोट देने की अपील की। उन्होंने ‘एक्स' पर कहा, ‘‘देश में लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा हो गई है। ये लोकतंत्र का महापर्व है। मेरी सभी देशवासियों से अपील है कि इस बार तानाशाही और गुंडागर्दी के खिलाफ वोट करें।''

‘आप' के राष्ट्रीय संयोजक ने केजरीवाल ने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी लोगों के असल मुद्दों पर काम करती है, जनता को सहूलियतें देती है। जहां-जहां आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार चुनावी मैदान में लड़ रहे हैं वहां ‘झाड़ू' (आम आदमी पार्टी का चुनाव चिह्न) पर वोट देकर हमारे हाथ मजबूत करें ताकि हम और अधिक ऊर्जा से आपके लिए काम कर सकें।'' देशभर में 19 अप्रैल से सात चरणों में लोकसभा चुनाव होंगे। दुनिया की सबसे बड़ी चुनावी प्रक्रिया के लिए मतगणना चार जून को होगी।

इससे पहले ‘आप' की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने कहा कि उनकी पार्टी और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' पूरी ताकत के साथ लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने चुनाव की तारीखों की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा, ‘‘भाजपा ने अपने शासन के पिछले 10 वर्षों में देश में संविधान का उल्लंघन किया है और लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश की है और इसलिए भी जनता बेसब्री से चुनाव का इंतजार कर रही थी।''

दिल्ली की सात लोकसभा सीट के लिए 25 मई को मतदान होगा। चुनाव के लिए अधिसूचना 29 अप्रैल को जारी की जाएगी। दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर समझौता हो गया है। ‘आप' ने पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

कांग्रेस ने अभी तक राष्ट्रीय राजधानी की तीन सीट चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिम दिल्ली से अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। दिल्ली में आप-कांग्रेस गठबंधन की मुख्य प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पहले ही सात सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। राय ने कहा कि पार्टी पहले ही दिल्ली, पंजाब, गुजरात और हरियाणा में अपना प्रचार अभियान शुरू कर चुकी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News