आप विधायक को प्रेस कांफ्रेंस से उठा ले गई पुलिस, तिलमिलाए केजरीवाल

punjabkesari.in Saturday, Jun 25, 2016 - 05:01 PM (IST)

नई दिल्ली: संगम विहार के विधायक दिनेश मोहनिया को शनिवार को दिल्ली पुलिस ने महिलाओं के एक समूह से कथित तौर पर दुव्र्यवहार करने के आरोप में हिरासत में ले लिया। दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष मोहनिया को दक्षिणी दिल्ली के खानपुर स्थित अपने कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते समय पुलिस की टीम ने हिरासत में ले लिया। विधायक पर 23 जून को महिलाओं के एक समूह से कथित बदसलूकी करने का आरोप है। दोपहार बाद आप विधायक को 27 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


महिलाओं का समूह अपने इलाके में जल संकट की शिकायत लेकर विधायक के पास गया था। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) नूपुर प्रसाद ने कहा, ‘‘महिलाओं के एक समूह की शिकायत के बाद नेब सराय पुलिस थाने में मोहनिया के खिलाफ भादंसं की धारा 323, 506 और 509 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।’’ संगम विहार की रहने वाली शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि मोहनिया और उनके सहयोगियों ने जल संकट की स्थिति में मदद मांगने पर उनके साथ हाथापाई की और उन्हें धमकाया।  


मुझ पर लगाए गए आरोप निराधार : मोहनिया
मोहनिया ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को ‘‘आधारहीन’’ बताते हुए उन्हें खारिज किया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं पुलिस जांच में सहयोग के लिए तैयार हूं लेकिन मेरे खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं।’’ वहीं तुगलकाबाद इलाके में कल 60 वर्षीय व्यक्ति को कथित तौर पर थप्पड़ मारने के लिए गोविंदपुरी पुलिस स्टेशन में भी मोहनिया के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 
 
 
इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में इमरजेंसी लगा दी है। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि जिन लोगों को दिल्ली की जनता ने चुना है उन्हें धमकाया और डराया जा रहा है। साथ ही झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। 
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News