MCD चुनाव: AAP की उपलब्धियां गिनाते हुए केजरीवाल ने सिसौदिया को कह दिया 'पागल'

punjabkesari.in Tuesday, Apr 18, 2017 - 02:56 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने शासन में हर क्षेत्र में उल्लेखनीय कामकाज होने का जिक्र करते हुए सोमवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का 15 साल का शासन पिछले दो साल में उनकी सरकार के किए काम से मेल नहीं खाता है। देवली में एक रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को पागल बता दिया। दरअसल केजरीवाल अपने मंत्रियों की तारीफ कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारा मनीष सिसोदिया बिल्कुल पागल आदमी है, मंत्री बन गया फिर भी सरकारी स्कूलों में घूमता रहता है, फीस नहीं बढ़ाने दी। शिक्षा माफिया पर लगाम लगाई तो उसके खिलाफ केस कर दिया। केजरीवाल ने स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन का भी जिक्र किया।

उन्होंने  कहा कि सतेंद्र जैन ने दिल्ली के अस्पतालों का कायाकल्प कर दिया है। सतेंद्र का क्या कसूर है, जो भाजपा वालों ने उनके खिलाफ चार एफआईआर दर्ज करा दी। केजरीवाल ने रैली में लोगों से आप को आगामी एमसीडी चुनाव में 2015 के विधानसभा चुनाव जैसा ही जनादेश देने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि ईवीएम में पांच से सात फीसदी वोटों का हेर-फेर किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में वोट देने को कहा ताकि इस गड़बड़ी का असर न पड़े। उन्होंने बताया कि दिल्ली में पूरे देश के मुकाबले सबसे सस्ती बिजली मिल रही है। केजरीवाल ने कहा कि हमने दिल्ली से माफिया राज खत्म किया। बिजली रेट कम करने के लिए गुजरात में आंदोलन शुरू हो गया है। सारे देश की बिजली कंपनियां हमारे खिलाफ खड़ी हो गई हैं।

भाजपा पर साधा निशाना
केजरीवाल ने कहा, 'दो साल में मैंने भाजपा वालों को दिल्ली साफ करने के लिए 15 हजार करोड़ दिए थे। मुझे छोड़ो इन्होंने मोदी जी को भी नहीं छोड़ा। पीएम ने भाजपा वालों को दिल्ली साफ करने के लिए कई हजार करोड़ दिए लेकिन भाजपा वालों ने प्रधानमंत्री की भी पीठ में छुरा घोंप दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News