कर्नाटक में कुदरत का कहर: हुलिकल घाट के पास सड़क निर्माण स्थल पर लैंडस्लाइड, 3 मजदूरों की मौत, 4 घायल
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 12:44 PM (IST)
नेशनल डेस्क: कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले के हुलिकल घाट के पास सड़क निर्माण स्थल पर भूस्खलन के कारण तीन मजदूरों की मौके पर मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान राघवेंद्र (37), राजू (30) और शब्बीर (40) के रूप में हुई है। यह सभी घटनास्थल पर दीवार निर्माण कार्य में लगे हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार अपराह्न होसनगरा तालुक के हुलिकल घाट में एक घुमावदार मोड़ पर उस वक्त हुई जब कुंदापुरा-शिवमोग्गा मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूर काम कर रहे थे।
इसी दौरान पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मिट्टी और पत्थर खिसककर नीचे आ गए, जिससे श्रमिक मलबे में दब गए। उन्होंने बताया कि इस घटना में मलबे में दबने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, बचाव दल ने चार घायल श्रमिकों को बाहर निकालकर इलाज के लिए कुंदापुर और उडुपी सहित आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
उन्होंने कहा कि यह हादसा घाट खंड पर वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बनाई जा रही एक अवरोधक (रिटेनिंग) दीवार के निर्माण के दौरान हुआ। मंगलुरु की राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की एक टीम शुक्रवार सुबह तड़के मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
