कपिल ने केजरी पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का लगाया आरोप

punjabkesari.in Tuesday, Jul 16, 2019 - 04:48 AM (IST)

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के टिकट पर करावल नगर से विधायक बने कपिल मिश्रा ने दिल्ली विधानसभा में पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सदस्यता रद्द करने की याचिका दायर की है। 

उन्होंने केजरीवाल पर पार्टी विरोधी गतिविधि, देश विरोधी कार्य और विरोधी राजनीतिक दलों का प्रचार करने का आरोप लगाया है। उनके अधिवक्ता ने दावा किया कि इसी आधार पर कपिल मिश्रा के खिलाफ विधानसभा के अध्यक्ष याचिका स्वीकार कर चुके हैं।

करीबन 85 पेज की याचिका में केजरीवाल की पार्टी विरोधी गतिविधियों देश विरोधी बयानों को आधार बनाकर बिल्कुल उसी तरह के तर्कों, सबूतों को रखा है जैसे विधानसभा अध्यक्ष ने कपिल मिश्रा के खिलाफ  दाखिल याचिका स्वीकारी है। उन्होंने लिखा है कैसे केजरीवाल ने लोकसभा चुनावों के दौरान विरोधी राजनैतिक दलों के साथ मंच साझा किया और विरोधी राजनैतिक दलों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। कपिल ने ममता बनर्जी, चंद्रबाबू नायडू का उदाहरण दिया है।

उल्लेखनीय है कि कपिल मिश्रा पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने भाजपा  नेताओं के साथ मंच साझा किया व पीएम मोदी के पक्ष में प्रचार किया। कपिल ने याचिका में अन्ना हजारे, कुमार विश्वास, मयंक गांधी, प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव के बयानों का हवाला देते हुए केजरीवाल को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए दोषी बताया।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News