पत्नी ने दांतों से काटा पति का कान... खून से लथपथ पहुंचा थाने, जांच में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Wednesday, Sep 24, 2025 - 12:49 PM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक पति-पत्नी के विवाद ने बेहद खतरनाक रूप ले लिया। अनवरगंज इलाके में रहने वाले अमित सोनकर और उनकी पत्नी के बीच मंगलवार को पानी भरने को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान पत्नी ने गुस्से में आकर अमित को जमकर पीटा और उनके कान को अपने दांतों से काट दिया। घटना में पति का आधा कान कटकर पत्नी के मुंह में चला गया और पूरा चेहरा खून से लाल हो गया।
क्या है पूरा मामला?
अमित और उनकी पत्नी का लव अफेयर पड़ोस में ही शुरू हुआ था। प्यार बढ़ने के बाद आठ साल पहले दोनों ने शादी कर ली। शुरुआती समय में दोनों के रिश्ते ठीक थे, लेकिन बाद में पति-पत्नी में विवाद बढ़ने लगा। इसके चलते अमित ने तलाक का मुकदमा दायर किया और मामला अदालत में लंबित है।
यह भी पढ़ें - Gold Price Today: नवरात्रि के तीसरे दिन सोने के दामों में आई गिरावट, जानें आपको शहर में क्या है रेट?
घटना का पूरा विवरण
मंगलवार को मामूली विवाद पानी भरने को लेकर हुआ। बहस इतनी बढ़ गई कि पत्नी ने गुस्से में अमित को पीटा। जब अमित ने बचाव की कोशिश की तो पत्नी ने अपने दांतों से उनका कान काट लिया। घटना के बाद अमित थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी बात बताई। पुलिस ने उनका मेडिकल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की प्रतिक्रिया
ADCP सेंट्रल महेश कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच तलाक का मामला चल रहा था। इसी बीच विवाद के दौरान मारपीट हुई। पति ने पत्नी के खिलाफ कान काटने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले की जांच की जा रही है और आगे कानूनी कार्रवाई की संभावना है।