38 लाख रुपये के भारी-भरकम खर्च के साथ हुई शादी, पत्नी का आरोप 'पति ने छिपाई नपुंसकता, सुहागरात के नाम पर करता रहा टालमटोल'

punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 06:43 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कानपुर के किशोर नगर से एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस का दरवाजा खटखटाया है। 25 अप्रैल 2025 को बड़े ही अरमानों और करीब 38 लाख रुपये के भारी-भरकम खर्च के साथ हुई यह शादी महज कुछ ही महीनों में कानूनी लड़ाई की दहलीज पर आ खड़ी हुई है। युवती का आरोप है कि जिस जीवनसाथी के साथ उसने सुनहरे भविष्य के सपने देखे थे, उसने और उसके परिवार ने मिलकर उसके साथ एक बड़ा 'फ्रॉड' किया है।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि हमीरपुर निवासी उसके पति ने शादी के पहले दिन से ही उससे दूरी बनाए रखी। विदाई के बाद जब वह ससुराल पहुंची, तो शुरुआती चार दिनों में ही उसे पति के व्यवहार पर शक होने लगा। युवती के अनुसार, सुहागरात और शारीरिक संबंधों की बात को उसका पति लगातार टालता रहा। मामला तब और बिगड़ गया जब पति उसे नोएडा ले गया, लेकिन वहां भी एक महीने साथ रहने के बावजूद स्थिति जस की तस रही। इसी दौरान पीड़िता को इस कड़वी सच्चाई का पता चला कि उसका पति शारीरिक रूप से अक्षम (नपुंसक) है।

जब इस संवेदनशील मुद्दे को लेकर युवती ने अपने ससुर और ताऊ से बात की, तो पहले तो उसे इलाज का भरोसा देकर चुप कराने की कोशिश की गई। लेकिन बाद में बात इलाज से बढ़कर दहेज तक पहुंच गई। पीड़िता का आरोप है कि उससे इलाज के नाम पर 5 लाख रुपये अतिरिक्त मांगे गए और मना करने पर उसे बदनाम करने की धमकियां दी जाने लगीं। थक-हारकर युवती अपने मायके लौट आई और अब रावतपुर थाने में मामला दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, ससुर और ताऊ के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच के लिए एक टीम हमीरपुर रवाना करने की तैयारी में है।   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News