फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप: क्रिकेट इवेंट के दौरान एक्ट्रेस का वॉशरूम में चोरी-छिपे बनाया आपत्तिजनक वीडियो

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 08:37 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  चकाचौंध भरी कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने सेलिब्रिटी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक लोकप्रिय रियलिटी शो से अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री ने खुद के साथ हुई बेहद शर्मनाक और डरावनी घटना का खुलासा किया है। एक्ट्रेस का आरोप है कि एक क्रिकेट इवेंट के दौरान न केवल उनका चोरी-छिपे आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया, बल्कि अब उन्हें उस वीडियो के जरिए सरेआम बदनाम करने की धमकी देकर पैसे वसूले जा रहे हैं।

स्टेडियम के वॉशरूम में रची गई साजिश
यह पूरी घटना एक 'सेलिब्रिटी विमेंस क्रिकेट' टूर्नामेंट के दौरान की है जो तीन दिनों तक चला था। अभिनेत्री ने अपनी शिकायत में बताया कि जब वह स्टेडियम के वॉशरूम का इस्तेमाल कर रही थीं, तब किसी अज्ञात व्यक्ति ने बेहद शातिराना तरीके से उनका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। आरोपी की हिम्मत इतनी बढ़ गई कि उसने उस वीडियो को एक्ट्रेस की एक दोस्त के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भेज दिया। उसे शायद यह गलतफहमी थी कि वह अकाउंट खुद अभिनेत्री का है। वीडियो भेजने के साथ ही आरोपी ने मोटी रकम की मांग की और पैसे न मिलने पर कंटेंट को सार्वजनिक करने की धमकी दी।

पुलिस की कार्रवाई और तकनीकी जांच
अभिनेत्री ने इस डिजिटल शोषण के खिलाफ आवाज उठाते हुए 13 फरवरी को पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। अभिनेत्री ने सबूत के तौर पर पेन ड्राइव में कुछ फोटो और वीडियो भी पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आईटी एक्ट (IT Act) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। वर्तमान में उस इंस्टाग्राम हैंडल की बारीकी से जांच की जा रही है जिससे वीडियो भेजा गया था, ताकि अपराधी के लोकेशन और पहचान का पता लगाया जा सके।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News