‘मेरी जवानी या बेडरूम के सपने मत देखिए’, कंगना रनौत ने बाबा रामदेव के बयान पर किया तीखा पलटवार
punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 12:26 AM (IST)
नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस और हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बेबाक बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार कंगना ने योग गुरु बाबा रामदेव को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई है। दरअसल, पिछले दिनों कंगना द्वारा युवाओं पर दिए गए 'गटर जेनरेशन' वाले बयान की बाबा रामदेव ने आलोचना की थी, जिसके जवाब में कंगना ने पलटवार किया है।
'मेरे कैरेक्टर पर ज्ञान मत दीजिए'
कंगना रनौत ने बाबा रामदेव पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "बाबा जी, आप मेरी जवानी या बेडरूम के बारे में सपने मत देखो। कोई भी केवल अफवाहों और गॉसिप के आधार पर ही अंदाजा लगा सकता है।" उन्होंने रामदेव को उनके पुराने विवादों की याद दिलाते हुए आगे लिखा, "कम से कम मुझे झूठे या फ्रॉड मेडिकल दावों की वजह से कभी सुप्रीम कोर्ट से फटकार नहीं लगी। यह फैक्ट्स पर बेस्ड है, गॉसिप पर नहीं। तो मुझे कैरेक्टर पर ज्ञान मत दीजिए, तुमसे तो बहुत ज्यादा बेहतर है मेरा कैरेक्टर, कोई भी फ्रॉड सामने नहीं आया।"
क्या था बाबा रामदेव का बयान?
कंगना के 'गटर जेनरेशन' वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बाबा रामदेव ने कहा था, "कंगना ने क्या पढ़ाई की है? उनकी जवानी और बचपन कैसा रहा? उनके पुराने कारनामे भी कैसे रहे हैं? मैं उनके बारे में बात नहीं करना चाहता।" उन्होंने आगे कहा था कि किसी को भी इस तरह से 'गटर' बोलना बिगड़े दिमाग की निशानी है।
कंगना का 'गटर जेनरेशन' वाला विवादित बयान
यह पूरा विवाद कंगना के एक सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ था, जिसमें उन्होंने वेस्टर्नाइज्ड भारतीय महिलाओं की नई पीढ़ी को 'गटर जेनरेशन' कहा था। कंगना ने लिखा था कि वे उन युवा हिंदू महिलाओं को 'गटर जेनरेशन' मानती हैं जो बिना किसी कमाई के आजादी चाहती हैं, पढ़ाई में अच्छी नहीं हैं, सुंदर नहीं हैं और इतनी करप्ट हो चुकी हैं कि होम मेकर भी नहीं बन सकतीं। कंगना ने आरोप लगाया था कि ये महिलाएं शराब, ड्रग्स और फिजिकल रिलेशनशिप रखने की अपनी आजादी को गर्व से फ्लॉन्ट करती हैं।
वर्क फ्रंट पर सक्रिय हैं कंगना
राजनीति के साथ-साथ कंगना फिल्मों में भी काफी एक्टिव हैं। वे हाल ही में फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' में एक नर्स की भूमिका में नजर आई थीं। हालांकि इस फिल्म को रिव्यूज तो अच्छे मिले थे, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह खास कमाल नहीं कर सकी और फिलहाल ओटीटी पर स्ट्रीम हो रही है। कंगना के फैंस को अब उनकी आगामी फिल्म 'क्वीन 2' का बेसब्री से इंतजार है।
