Youtube से बनाता था शिकार, 'गंधर्व विवाह' के नाम पर करता था ब्लैकमेल; मथुरा से पकड़ा गया 'कलयुगी' बाबा
punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 12:21 AM (IST)
नेशनल डेस्क: धर्म की नगरी मथुरा से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है जो खुद को आध्यात्मिक गुरु बताकर युवतियों का यौन शोषण करता था और फिर उनकी अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें और उनके परिवारों को ब्लैकमेल करता था। चौंकाने वाली बात यह है कि यह आरोपी कोई अनपढ़ अपराधी नहीं, बल्कि देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी (IIT) रुड़की का मैकेनिकल इंजीनियरिंग ग्रेजुएट है।
'आदिकर्ता' के नाम से चला रहा था 'डिजिटल कल्ट'
पकड़े गए आरोपी की पहचान ओडिशा निवासी 29 वर्षीय अभिषेक मिश्रा के रूप में हुई है, जो मथुरा के राधाकुंज इलाके में "आदिकर्ता नारायण दास" के नाम से रह रहा था। खुद को 'कथावाचक' बताने वाले इस शख्स ने "राधा कृपा अमृत" नाम से एक यूट्यूब चैनल बना रखा था, जहाँ वह हिंदी और अंग्रेजी में प्रवचन देता था। पुलिस के अनुसार, वह सोशल मीडिया और लिंक्डइन (LinkedIn) के जरिए पढ़ी-लिखी युवतियों, खासकर महिला इंजीनियरों को निशाना बनाता था और उन्हें अपने जाल में फंसाता था।
प्रसाद के नाम पर 'ज़हर' और ब्लैकमेलिंग का खेल
जांच में खुलासा हुआ है कि अभिषेक युवतियों का इस कदर 'ब्रेनवाश' करता था कि वे अपने परिवारों से नाता तोड़कर उसके पास मथुरा रहने आ जाती थीं। एक समय में उसके घर में करीब 24 युवक-युवतियां रह रहे थे। आरोप है कि वह युवतियों को 'प्रसाद' के बहाने नशीला दूध पिलाता था और बेहोशी की हालत में उनके साथ दरिंदगी कर उसकी वीडियो बना लेता था। शारीरिक शोषण को जायज ठहराने के लिए वह 'गंधर्व विवाह' (आपसी सहमति से विवाह) का ढोंग रचता था।
मां ने भी छोड़ा साथ, मोबाइल में मिले 'पाप' के सबूत
अभिषेक के काले कारनामों की गवाही उसका मोबाइल फोन दे रहा है, जिसमें से पुलिस ने कई अश्लील फोटो और वीडियो बरामद किए हैं। आरोपी न केवल युवतियों का शोषण करता था बल्कि उनके परिवारों से मोटी रकम भी वसूलता था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी का आचरण इतना खराब था कि उसकी अपनी मां भी उसे छोड़कर चली गई थी।
छत्तीसगढ़ की युवती ने दिखाई हिम्मत
इस पूरे घिनौने साम्राज्य का अंत तब हुआ जब छत्तीसगढ़ की एक पीड़ित युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को धर दबोचा और उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस 'डिजिटल गुरु' ने अब तक कितनी और महिलाओं को अपनी हवस और ठगी का शिकार बनाया है।
