''कॉकरोच'' पर बनी शॉर्ट फिल्म ने मचाया धमाल, YouTube पर फ्री में देखिए ये अवॉर्ड विनिंग मूवी
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 10:42 PM (IST)
नेशनल डेस्कः इन दिनों सोशल मीडिया पर 'कॉकरोच' शब्द हर तरफ छाया हुआ है। इसकी सबसे बड़ी वजह हाल ही में बनी 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) है, जिसके संस्थापक अभिजीत दीपके हैं। इंटरनेट पर इस पार्टी का ऐसा क्रेज बना हुआ है कि महज पांच दिनों के भीतर इसके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या 21 मिलियन (2.1 करोड़) के पार पहुंच गई है। इसी चर्चा के बीच अब एक पुरानी शॉर्ट फिल्म 'कॉकरोच' फिर से सुर्खियों में आ गई है, जिसे आप यूट्यूब पर बिल्कुल मुफ्त देख सकते हैं।
मक्खी की याद दिलाएगी यह 'कॉकरोच' वाली लव स्टोरी
ऑस्ट्रेलियाई निर्देशक ल्यूक ईव द्वारा निर्देशित यह फिल्म करीब 16 साल पुरानी है, जो 30 मार्च 2010 को रिलीज हुई थी। यह 13 मिनट की एक रोमांटिक शॉर्ट फिल्म है, जिसकी कहानी काफी हद तक भारतीय निर्देशक एसएस राजामौली की सुपरहिट फिल्म 'मक्खी' (2012) से मिलती-जुलती है। जहां 'मक्खी' में नायक बदला लेने के लिए आता है, वहीं इस फिल्म में प्यार की एक अनोखी दास्तान दिखाई गई है।
शादी के दिन ही मौत और फिर 'पुनर्जन्म'
फिल्म की कहानी मुख्य किरदारों चार्ली और सेरा के इर्द-गिर्द घूमती है। ब्रुक हरम और डेमन गेमौ ने इसमें लीड रोल निभाया है। फिल्म में दिखाया गया है कि शादी के दिन ही अपनी शादी की कार से कुचलकर चार्ली की मौत हो जाती है। इसके बाद चार्ली को अपनी पत्नी सेरा की जिंदगी में वापस आने का मौका मिलता है, लेकिन इंसान के रूप में नहीं, बल्कि एक कॉकरोच के रूप में।
झटके थे दो अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड
कम समय में बेहतरीन संदेश देने वाली इस फिल्म की गुणवत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसने दो बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए हैं:
- रेड रॉक फिल्म फेस्टिवल (2011): बेस्ट एनिमेशन शॉर्ट फिल्म केटेगरी का अवॉर्ड।
- शो मी शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल (2011): स्पेशल ज्यूरी प्राइज।
यह फिल्म यूट्यूब पर फ्री में मौजूद है, जिसे आप चलते-फिरते या ब्रेक के दौरान आसानी से एंजॉय कर सकते हैं।
