16 साल की उम्र में दिव्यांग जिया ने रचा इतिहास, तैरकर पार किया इंग्लिश चैनल

punjabkesari.in Wednesday, Jul 31, 2024 - 11:55 AM (IST)

नेशनल डेस्क: मुंबई की 16 साल की दिव्यांग तैराक जिया राय ने इंग्लिश चैनल को अकेले तैरकर पार करने का रिकॉर्ड बना दिया है। जिया ने 28 से 29 जुलाई के बीच इंग्लैंड के एबॉट्स क्लिफ से फ्रांस के पॉइंट डे ला कोर्ट-ड्यून तक 34 किमी की दूरी 17 घंटे 25 मिनट में तय की। इस उपलब्धि के साथ ही वे दुनिया की सबसे कम उम्र की और सबसे तेज महिला पैरा तैराक बन गई हैं।
PunjabKesari
ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से पीड़ित हैं जिया
जिया ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर (Autism Spectrum Disorder) से पीड़ित हैं, लेकिन इस चुनौतीपूर्ण यात्रा को उन्होंने ऑटिज्म की जागरूकता को समर्पित किया है। वे मुंबई में सेवारत नौसेना कर्मी मदन राय की बेटी हैं। उनकी इस सफलता पर नौसेना और मुंबई के पश्चिमी नौसेना कमान मुख्यालय ने उन्हें बधाई दी है।
PunjabKesari
पाक जलडमरू पार करने का रिकॉर्ड
जिया की तैराकी में कई उपलब्धियां हैं। 2022 में, उन्होंने श्रीलंका के तलाईमन्नार से भारत के धनुषकोडी तक पाक जलडमरू पार किया था। उन्होंने 29 किलोमीटर की दूरी 13 घंटे 10 मिनट में तय करके एक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया था। इसके अलावा, जिया कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं, जिनमें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार भी शामिल है। यह पुरस्कार 18 साल से कम उम्र के नागरिकों को दिया जाता है।
PunjabKesari
7 महासागरों को तैरकर पार करने के मिशन पर हैं जिया
जिया का अगला लक्ष्य सातों महासागरों को तैरकर पार करने का है। वे दुनिया की पहली और सबसे कम उम्र की पैरा तैराक बनने की दिशा में काम कर रही हैं। उनका मानना है कि अगर कोई बड़ा लक्ष्य ठान लिया जाए, तो किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है। जिया ने राष्ट्रीय और राज्य ओपन वाटर सी-स्विमिंग चैंपियनशिप में भी कई पदक जीते हैं।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News