CM रघुबर दास के फोन में नहीं आया नैटवर्क, BSNL अफसरों को थाने में गुजारनी पड़ी रात
punjabkesari.in Wednesday, Dec 05, 2018 - 10:30 AM (IST)
दुमका: जनता से सीधे संवाद के लिए संताल के दौरे पर निकले मुख्यमंत्री रघुबर दास का सोमवार की रात रौद्र रूप देखने को मिला। मोबाइल फोन का नैटवर्क काम नहींं करने से नाराज मुख्यमंत्री ने बी.एस.एन.एल. दुमका के टी.डी.एम. पी.के. सिंह और जे.टी.ओ.-सह-एस.डी.ई. संजीव कुमार को रात को घर से बुलवाकर पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों अधिकारियों ने 12 से 3 बजे यानी 3 घंटे तक दुमका थाने में रात बिताई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया। मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम के लिए दुमका राजभवन में ठहरे हुए थे।
बी.एस.एन.एल. का नैटवर्क नहीं रहने के कारण उनका मोबाइल काम नहीं कर रहा था। इससे नाराज मुख्यमंत्री ने रात में ही बी.एस.एन.एल. के टी.डी.एम. पी.के. सिंह और जे.टी.ओ. संजीव कुमार को तलब किया। दोनों की मुख्यमंत्री के सामने पेशी हुई। नैटवर्क काम नहीं करने के लिए दोनों ने सफाई दी। इससे मुख्यमंत्री संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने जमकर डांट-फटकार लगाई। दोनों को जेल भेजने का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर नगर थाना पहुंची। हालांकि दोनों के खिलाफ किसी तरह की शिकायत नहीं दर्ज की गई। रात 3 बजे पुलिस ने छोड़ भी दिया।