जौनपुर में मुठभेड़ के दौरान 25 हजार का इनामी गौ तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 01:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में थाना मीरगंज व थाना मछलीशहर की संयुक्त पुलिस टीम के साथ रविवार रात हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी अंतर्जनपदीय गौ तस्कर गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा (0.315 बोर), एक जिंदा कारतूस, एक खोखा तथा एक हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।       

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी मछलीशहर ममता वर्मा के पर्यवेक्षण में यह कारर्वाई की गई। उन्होंने बताया कि रविवार रात करीब 10:45 बजे मीरगंज पुलिस गोधना बाजार क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी तभी कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि दो बदमाश मोटरसाइकिल से भाग रहे हैं, जिनका पीछा मछलीशहर पुलिस कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की।        

कम्पोजिट विद्यालय चौकी खुर्द-चितांव भटेवरा मार्ग पर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कारर्वाई की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश ने अपनी पहचान आरिफ (32) के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जौनपुर, प्रतापगढ़, आजमगढ़ और प्रयागराज जिलों में करीब 22 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। फरार साथी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News