गर्भवती महिला के साथ दिन-दहाड़े छेड़खानी, Video सोशल मीडिया पर Viral होने के बाद ASI समेत दो सस्पेंड

punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 01:02 PM (IST)

नेशनल डेस्क। राजस्थान की राजधानी और 'वर्ल्ड क्लास सिटी' कहे जाने वाले जयपुर से महिला सुरक्षा को तार-तार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। मालवीय नगर इलाके में एक गर्भवती महिला के साथ दिन-दहाड़े छेड़खानी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस 18 दिनों तक हाथ पर हाथ धरे बैठी रही और वीडियो सामने आने के बाद ही कार्रवाई शुरू की गई।

रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात

घटना 25 मार्च की शाम करीब 6 बजे की है। जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र के मालवीय नगर में एक गर्भवती महिला फोन पर बात करते हुए गली से गुजर रही थी। तभी पीछे से आ रहे एक दाढ़ी वाले शख्स ने अचानक उसे दबोच लिया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। आरोपी ने भागने के बजाय पास पड़ा ईंट का टुकड़ा उठा लिया जिससे डरकर महिला को अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागना पड़ा।

पुलिस की लापरवाही

पीड़िता ने अगले ही दिन (26 मार्च) परिवार के साथ थाने जाकर लिखित शिकायत दी थी लेकिन जयपुर पुलिस ने इसे गंभीरता से लेने के बजाय मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। वीडियो वायरल होने और चौतरफा फजीहत के बाद अब पुलिस ने केस दर्ज किया है। ड्यूटी ऑफिसर ASI महेश चंद और हेड कांस्टेबल अंगद राम को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं थाना प्रभारी आशुतोष सिंह को चार्जशीट दी गई है।

यह भी पढ़ें: Ambedkar Jayanti पर दिल्ली को सौगात: CM रेखा गुप्ता ने किया Water ATM का उद्घाटन

कौन है आरोपी?

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का नाम राज गुर्जर है और वह मध्य प्रदेश का रहने वाला है। वह मालवीय नगर के एक स्पा सेंटर में काम करता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह पहले भी कई महिलाओं के साथ ऐसी बदसलूकी कर चुका है लेकिन पुलिस की ढिलाई के कारण उसके हौसले बुलंद थे।

उठ रहे हैं गंभीर सवाल

इस घटना ने जयपुर में महिला सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है। विपक्षी दल भी इस मुद्दे को लेकर सरकार पर हमलावर हैं। सवाल यह है कि अगर वीडियो वायरल नहीं होता तो क्या एक गर्भवती महिला को कभी न्याय मिलता? फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News