Jaipur Molestation Case: सरेराह बदतमीजी... रैपिडो से जा रही थी युवती, पीछे आए बाइक सवारों ने की शर्मनाक हरकत
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 07:47 AM (IST)
Jaipur Molestation Case: राजस्थान की राजधानी जयपुर से महिला सुरक्षा पर सवाल खड़ा करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। न्यू सांगानेर रोड स्थित इस्कॉन रोड पर दिनदहाड़े बाइक सवार दो युवकों ने रैपिडो (Bike Taxi) से जा रही एक युवती के साथ छेड़छाड़ की। हालांकि, युवती ने हार मानने के बजाय बहादुरी दिखाई और आरोपी को सरेबाजार थप्पड़ जड़ दिया।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 9 अप्रैल की बताई जा रही है। पीड़िता एक बाइक टैक्सी पर सवार होकर अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे दो बाइक सवार युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। चलती बाइक पर युवकों ने युवती को गलत तरीके से छूने (Bad Touch) और फब्तियां कसने की कोशिश की। मनचलों की इस हरकत से घबराने के बजाय युवती ने हिम्मत जुटाई और एक आरोपी को जोरदार थप्पड़ रसीद कर दिया। थप्पड़ पड़ते ही दोनों युवक सकपका गए और अपनी बाइक मोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और पहचान
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जयपुर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। जयपुर दक्षिण के डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस ने घटना का स्वतः संज्ञान लिया है। पुलिस ने रैपिडो चालक का पता लगाया और कंपनी से राइड की डिटेल्स निकलवाईं। cctv footage और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान मनराज और सुदामा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मूल रूप से टोंक जिले के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है, जिसमें युवती की बहादुरी की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने पीड़िता से संपर्क किया है, लेकिन अभी तक उसने आधिकारिक तौर पर बयान दर्ज नहीं कराया है। इसके बावजूद, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।
