Flydubai Attack: भारतीय कैप्टन स्मित का दिवाना हुआ इजराइल; सम्मान में लगाए बड़े-बड़े पोस्टर, हिंदी में लिखा-‘धन्यवाद नायक’
punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 03:24 PM (IST)
Tel Aviv: एक भारतीय पायलट ने इजराइलियों की जान बचाई तो अब इजराइल भी उनके सम्मान में कृतज्ञता जाहिर करने में पीछे नहीं है। फ्लाईदुबई की उड़ान को दुर्घटना से बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार के सम्मान में इजराइल में विशाल पोस्टर लगाए गए हैं। इनमें हिंदी में लिखा है—‘धन्यवाद नायक’। मुंबई से शुरू हुआ सम्मान अब इजराइल की सड़कों तक पहुंच गया है। इससे पहले मुंबई स्थित इजराइल के महावाणिज्य दूत यानीव रेवाच ने भी कैप्टन स्मित मच्छार के साहस को सलाम किया है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि भारत को एक नया नायक मिला है और इजराइल उनका नाम कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कैप्टन स्मित को धन्यवाद देते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि इजराइल उनके स्वागत का इंतजार कर रहा है।

इससे पहले मुंबई में इजराइल के वाणिज्य दूतावास की ओर से कैप्टन स्मित के सम्मान में एक बड़ा विज्ञापन लगाया गया था। इसमें इजराइलियों की जान बचाने के लिए उनका आभार जताया गया था। अब इसी सम्मान की तस्वीर इजराइल में भी दिखाई दे रही है। एक राजमार्ग के किनारे लगे बड़े पोस्टर पर हिंदी में ‘धन्यवाद नायक’ लिखा दिखाई दिया। पूरा मामला फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान एफजेड1073 से जुड़ा है। उड़ान के दौरान ओमान के सह-पायलट पर कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छार पर आपातकालीन कुल्हाड़ी से हमला करने और विमान पर नियंत्रण करने की कोशिश का आरोप है। हमले में कैप्टन स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उस समय विमान करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था।
हमले के बाद विमान तेजी से नीचे आने लगा और करीब 17 हजार फीट तक पहुंच गया। बेहद मुश्किल हालात के बावजूद कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं छोड़ी और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। इसके बाद यात्रियों और विमान में मौजूद अतिरिक्त पायलटों ने स्थिति संभालने में मदद की। सह-पायलट को काबू में किया गया और विमान को सुरक्षित उतारा गया। इस घटना ने विमान में सवार लोगों के बीच भारी दहशत पैदा कर दी थी, लेकिन अंततः बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन स्मित मच्छार से बात की और उनके साहस के लिए आभार जताया। नेतन्याहू ने उन्हें इजराइल आने का न्योता दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइल में कैप्टन स्मित को विशेष सम्मान देने की तैयारी है। उन्हें ‘विशिष्ट अतिथि’ के रूप में सम्मानित किए जाने की बात कही गई है। नेतन्याहू ने यह भी कहा कि वह चाहते हैं कि कैप्टन स्मित मच्छार और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले साल मई में होने वाले इजराइल के स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय समारोह में मशाल जलाएं।
