Flydubai Attack मामले में हमलावर को-पायलट का नया खुलासा; बताया क्यों तबाह करना चाहता था विमान, जांच में सामने आई खतरनाक योजना

punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 06:24 PM (IST)

Dubai: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर विमान को गिराने की कोशिश के मामले में अब कथित मकसद का खुलासा हुआ है। इजरायली मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ओमानी को-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने संयुक्त अरब अमीरात में पूछताछ के दौरान कहा कि उसने “गाजा का बदला लेने” के लिए यह हमला किया था और वह “शहीद होकर मरना” चाहता था। हालांकि, यह जानकारी जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से सामने आई है और जांच अभी जारी है।

 

‘गाजा का बदला लेना था’
इजरायल के चैनल 12 की रिपोर्ट के अनुसार, पूछताछ में अल-हम्मामी ने कथित तौर पर कहा कि उसका मकसद गाजा का बदला लेना था। रिपोर्ट में उसके हवाले से कहा गया कि वह शहीद होकर मरना चाहता था। इसी जांच से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, को-पायलट ने विमान को इजराइल पहुंचने से पहले ही निशाना बनाने की योजना बना रखी थी। द टाइम्स ऑफ इजराइल के अनुसार, दो इजरायली अधिकारियों ने बताया कि अल-हम्मामी ने पूछताछ में कहा कि उसने फ्लाईदुबई में नौकरी मिलने से पहले ही विमान को बेन गुरियन हवाई अड्डे तक पहुंचाकर दुर्घटनाग्रस्त करने की योजना बनाई थी।

 

पहले भी बना चुका था ऐसी योजना?
जांच से जुड़े एक अन्य सूत्र के अनुसार, अल-हम्मामी ने इसी साल पहले भी तेल अवीव जाने वाली एक उड़ान का संचालन किया था और उस समय भी विमान को अगवा कर दुर्घटनाग्रस्त करने पर विचार किया था। हालांकि, उसने तब अपनी कथित योजना को अंजाम नहीं दिया। जांचकर्ता अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उसने उस समय हमला क्यों नहीं किया और बाद में फ्लाईदुबई की नौकरी हासिल करने के बाद दोबारा ऐसी योजना कैसे बनाई। बता दें कि 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। इसी दौरान ओमानी को-पायलट ने कॉकपिट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया।संयुक्त अरब अमीरात के अभियोजक जनरल के अनुसार, हमाम अल-हम्मामी ने कॉकपिट में रखी आपातकालीन कुल्हाड़ी से कैप्टन पर हमला किया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की। यूएई अधिकारियों ने इस घटना को आतंकवादी हमला बताया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News