क्या बंद होने जा रहा है 500 रुपये का नोट? जानिए वायरल खबर की पूरी सच्चाई!

punjabkesari.in Friday, Oct 31, 2025 - 05:59 AM (IST)

नेशनल डेस्कः देश में फिर से नोटबंदी की चर्चा तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर बीते कुछ दिनों से यह अफवाह फैल रही है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) अब 500 रुपए के नोट को बंद करने की तैयारी कर रहा है। लेकिन क्या वाकई ऐसा कोई फैसला लिया गया है? आइए जानते हैं पूरी सच्चाई और इससे जुड़ी रिपोर्ट।

नोटबंदी 

साल 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में ऐतिहासिक नोटबंदी की घोषणा की थी। उस समय 500 रुपए और 1000 रुपए के पुराने नोटों को बंद कर दिया गया था, ताकि काले धन, नकली नोटों और भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जा सके। इसके बाद सरकार ने नए 500 रुपए और 2000 रुपए के नोट जारी किए थे।

मई 2023 में RBI ने 2000 रुपए के नोटों को चलन से बाहर करने की घोषणा की। हालांकि, बैंक ने लोगों को पुराने 2000 रुपए के नोटों को बदलने या जमा करने के लिए पर्याप्त समय दिया था। अब, इसी सिलसिले में 500 रुपए के नोटों को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं।

क्या 500 रुपये का नोट बंद होगा?

फिलहाल, RBI या वित्त मंत्रालय की ओर से 500 रुपए के नोट को बंद करने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। RBI की हाल की वार्षिक रिपोर्ट में भी 500 रुपए नोट को लेकर किसी प्रकार के बदलाव या बंद करने का जिक्र नहीं है।

हालांकि, रिपोर्ट में यह जरूर कहा गया है कि नकली 500 रुपए के नोटों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। 2024–25 की वित्तीय रिपोर्ट के अनुसार, बैंकिंग सिस्टम में पाए गए नकली नोटों में सबसे बड़ा हिस्सा 500 रुपए के नोटों का था।

नकली नोटों से बढ़ी चिंता

RBI के आंकड़ों के मुताबिक, बीते कुछ वर्षों में 500 रुपए के नकली नोटों की पहचान में लगातार वृद्धि हुई है। वित्तीय वर्ष 2023–24 में पाए गए नकली नोटों में से लगभग 70% से ज्यादा 500 रुपए के नोट थे। इससे यह चिंता बढ़ी है कि नकली करेंसी का नेटवर्क दोबारा सक्रिय हो रहा है।

कई अर्थशास्त्री और वित्त विशेषज्ञ मानते हैं कि यह स्थिति देश की कैश इकॉनमी के लिए खतरा बन सकती है, लेकिन 500 रुपये के नोट को तुरंत बंद करना व्यावहारिक रूप से मुश्किल भी होगा, क्योंकि यह देश में सबसे अधिक प्रचलन वाला नोट है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News