शिवभक्तों के लिए खुशखबरी: 11 अगस्त से शुरू होगी IRCTC की 7 प्रमुख ज्योतिर्लिंगों की पावन यात्रा, देना होगा सिर्फ इतना किराया

punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 10:36 AM (IST)

नेशनल डेस्क: सावन के पावन महीने में इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने शिव भक्तों के लिए एक बेहद शानदार और बजट-फ्रेंडली टूर पैकेज का ऐलान किया है। इस विशेष पैकेज का नाम '7 ज्योतिर्लिंग दर्शन श्रावण स्पेशल यात्रा' रखा गया है। भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के जरिए होने वाले इस आध्यात्मिक सफर में श्रद्धालुओं को देश के 7 मशहूर ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने का पावन अवसर मिलेगा। 13 रात और 14 दिनों के इस पूरे टूर की शुरुआती कीमत केवल ₹24,050 प्रति व्यक्ति तय की गई है।

11 अगस्त को सोलापुर से रवाना होगी 'शिवभक्तों की स्पेशल ट्रेन'
IRCTC की यह खास भारत गौरव ट्रेन 11 अगस्त 2026 को महाराष्ट्र के सोलापुर रेलवे स्टेशन से अपनी यात्रा की शुरुआत करेगी। सावन के पवित्र महीने को ध्यान में रखकर तैयार किया गया यह 14 दिवसीय टूर देश के अलग-अलग राज्यों में स्थित महादेव के पवित्र धामों को जोड़ेगा। अगर आप भी इस साल सावन में बाबा महाकाल की भस्म आरती देखना चाहते हैं या सोमनाथ मंदिर में शीश नवाना चाहते हैं, तो यह IRCTC Package आपके लिए सबसे आरामदायक और Best Option है।

इस यात्रा में शामिल हैं ये 7 पौराणिक ज्योतिर्लिंग:
आईआरसीटीसी ने इस सफर का रूट इस प्रकार तैयार किया है ताकि बुजुर्ग और युवा श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के सुगमता से दर्शन कर सकें:
नागेश्वर ज्योतिर्लिंग (द्वारका, गुजरात)
सोमनाथ ज्योतिर्लिंग (वेरावल, गुजरात)
महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग (उज्जैन, मध्य प्रदेश)
ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग (मध्य प्रदेश)
त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग (नासिक, महाराष्ट्र)
घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग (छत्रपति संभाजीनगर/औरंगाबाद, महाराष्ट्र)
मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग (श्रीशैलम, आंध्र प्रदेश)

एक बार टिकट लें, रहना, खाना और घूमना सब IRCTC संभालेगा
इस टूर पैकेज की सबसे बड़ी खासियत यह है कि मात्र ₹24,050 की शुरुआती रकम में आपको घर जैसी तमाम सुख-सुविधाएं मिलेंगी। एक बार बुकिंग कराने के बाद यात्रियों को सफर में किसी भी अन्य खर्च या व्यवस्था की चिंता नहीं करनी होगी:
-पूरी यात्रा स्पेशल भारत गौरव ट्रेन से होगी और दर्शन वाले शहरों में यात्रियों के रुकने के लिए होटलों में रात्रि विश्राम की व्यवस्था की जाएगी।
-सफर और ठहरने के दौरान यात्रियों को सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात का शुद्ध शाकाहारी भोजन (LTC/हाइजीनिक फूड) दिया जाएगा।
-रेलवे स्टेशन से ज्योतिर्लिंग मंदिरों तक जाने और स्थानीय दर्शनीय स्थलों की सैर के लिए बेहतरीन बसों का प्रबंध रहेगा।
-यात्रियों की मदद के लिए पूरी यात्रा में एक प्रोफेशनल टूर एस्कॉर्ट साथ रहेगा। ट्रेन में सुरक्षा गार्ड और ऑन-बोर्ड सहायता टीम तैनात रहेगी। इसके साथ ही हर यात्री का ट्रैवल इंश्योरेंस (यात्रा बीमा) भी इस पैकेज की कीमत में शामिल है।

यात्रा का पूरा रूट और बोर्डिंग स्टेशन्स
टूर रूट:
सोलापुर ➔ द्वारका ➔ वेरावल ➔ उज्जैन ➔ नासिक ➔ छत्रपति संभाजीनगर ➔ मर्कापुर ➔ वापसी।
ट्रेन में बैठने की सुविधा: सोलापुर, कुर्दुवाड़ी, दौंड, पुणे, लोनावला, कर्जत, कल्याण, वसई रोड, दहानू रोड, वापी और सूरत।
ट्रेन से उतरने की सुविधा: कलबुर्गी, सोलापुर, कुर्दुवाड़ी, दौंड, पुणे, लोनावला, कर्जत, कल्याण, ठाणे और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT)।

बुकिंग की प्रक्रिया
इस पावन श्रावण यात्रा के लिए सीटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। इच्छुक श्रद्धालु  IRCTC के आधिकारिक मोबाइल नंबर 8287931886 पर संपर्क करके सीधे अपनी सीट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा, आईआरसीटीसी की ऑफिशियल टूरिज्म वेबसाइट www.irctctourism.com पर जाकर भी ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News