आकाशीय बिजली गिरने से 7 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान

punjabkesari.in Friday, May 29, 2026 - 08:26 PM (IST)

नेशनल डेस्क : बिहार में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया है। दिनभर राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का दौर जारी रहा।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में गया जी जिले में तीन, औरंगाबाद में दो तथा सारण और खगड़िया में एक-एक व्यक्ति की असामयिक मृत्यु हुई है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और इस कठिन समय में परिजनों को शक्ति दें।"

उन्होंने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और बिजली गिरने से बचाव के लिए विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने इससे पहले दिन में संबंधित विभागों को कई जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए सर्वेक्षण कराने के निर्देश भी दिए थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News