ईरान ने भारत के लिए खोला होर्मुज मार्ग, दो LPG टैंकरों को गुजरने की दी अनुमति, कुकिंग गैस संकट कम होने की उम्मीद
punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 10:11 PM (IST)
नेशनल डेस्कः मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान ने भारत के लिए बड़ी राहत भरा कदम उठाया है। जानकारी के मुताबिक ईरान ने भारत के झंडे वाले दो एलपीजी टैंकरों को Strait of Hormuz से गुजरने की अनुमति दे दी है।
मामले की जानकारी रखने वाले चार सूत्रों के अनुसार यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब युद्ध और तनाव की वजह से होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इस कदम से भारत में एलपीजी यानी खाना पकाने वाली गैस की संभावित कमी को कुछ हद तक कम करने में मदद मिल सकती है।
भारत में कुकिंग गैस संकट कम होने की उम्मीद
सूत्रों के मुताबिक ये दोनों टैंकर लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) लेकर भारत की ओर आ रहे हैं। मिडिल ईस्ट में संघर्ष के कारण कई देशों के जहाज इस रास्ते से गुजरने में सावधानी बरत रहे थे। ऐसे में ईरान द्वारा भारतीय जहाजों को रास्ता देने का फैसला भारत के लिए राहत भरा माना जा रहा है। इससे घरेलू गैस की आपूर्ति पर पड़ रहे दबाव को कम करने में मदद मिल सकती है।
सऊदी तेल लेकर भारत पहुंचेगा कच्चे तेल का टैंकर
इसी बीच सूत्रों ने बताया कि एक कच्चे तेल का टैंकर भी शनिवार को भारत पहुंचने वाला है। यह जहाज Saudi Arabia का तेल लेकर आ रहा है और लगभग 1 मार्च के आसपास होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरा था। जहाजों की आवाजाही से जुड़े आंकड़े देने वाली संस्था Lloyd's List Intelligence के डेटा के अनुसार यह टैंकर सुरक्षित तरीके से भारत की ओर बढ़ रहा है।
वैश्विक तेल सप्लाई के लिए अहम है होर्मुज स्ट्रेट
विशेषज्ञों के अनुसार होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। इसी रास्ते से दुनिया के बड़े हिस्से तक तेल और गैस की सप्लाई होती है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष के कारण इस मार्ग पर खतरा बढ़ गया था, जिससे ऊर्जा आपूर्ति और कीमतों को लेकर वैश्विक चिंता बढ़ गई थी। ऐसे में भारत के जहाजों को इस रास्ते से गुजरने की अनुमति मिलना ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
