IPL 2025: IPL शुरू होने से पहले दिल्ली कैपिटल्स का बड़ा ऐलान, अचानक इस खिलाड़ी को...
punjabkesari.in Monday, Mar 17, 2025 - 03:39 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आईपीएल 2025 के शुरू होने से पहले ही दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी टीम को मजबूत करने के लिए एक और बड़ा निर्णय लिया है। टीम पहले ही अक्षर पटेल को कप्तान नियुक्त कर चुकी थी और अब फाफ डु प्लेसिस को उप-कप्तान बनाने की घोषणा कर दी गई है। डु प्लेसिस के पास अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल का भरपूर अनुभव है, जो दिल्ली कैपिटल्स के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। आईपीएल 2025 की शुरुआत 22 मार्च से हो रही है, और दिल्ली की टीम अपना पहला मुकाबला 24 मार्च को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलेगी।
सोशल मीडिया पर दिल्ली कैपिटल्स ने किया ऐलान
दिल्ली कैपिटल्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल X (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें फाफ डु प्लेसिस ने कहा- "मैं ठीक हूं और अपने घर में हूं। यह सच है कि मैं दिल्ली कैपिटल्स का वाइस-कैप्टन हूं। दिल्ली की टीम शानदार है, और मैं इसका हिस्सा बनकर बहुत खुश हूं।"
Pick up your phones, it’s your vice-captain calling 💙❤️ pic.twitter.com/W3AkYO4QKZ
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) March 17, 2025
आरसीबी के लिए निभा चुके हैं कप्तानी की जिम्मेदारी
फाफ डु प्लेसिस को आईपीएल में कप्तानी का अच्छा अनुभव है। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की टीम के लिए तीन सीजन तक कप्तानी की थी। उनके नेतृत्व में आरसीबी ने 42 मैच खेले, जिसमें से टीम को 21 में जीत और 21 में हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, डु प्लेसिस दक्षिण अफ्रीका की राष्ट्रीय टीम के भी कप्तान रह चुके हैं।
आईपीएल में शानदार बल्लेबाजी रिकॉर्ड
फाफ डु प्लेसिस साल 2012 से आईपीएल खेल रहे हैं और अब तक चेन्नई सुपर किंग्स, आरसीबी और राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने 145 आईपीएल मैचों में कुल 4571 रन बनाए हैं, जिसमें 37 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 96 रन है।
दिल्ली कैपिटल्स अब भी अपने पहले खिताब की तलाश में
दिल्ली कैपिटल्स की टीम अब तक एक भी बार आईपीएल का खिताब नहीं जीत पाई है। टीम ने साल 2020 में फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन वहां उन्हें मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। इस बार अक्षर पटेल और फाफ डु प्लेसिस की जोड़ी के नेतृत्व में दिल्ली कैपिटल्स अपने पहले खिताब की तलाश में उतरेगी।