पुलवामा में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद

punjabkesari.in Saturday, May 12, 2018 - 03:29 PM (IST)

श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में शनिवार को आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ में सी.आर.पी.एफ . का एक जवान शहीद हो गया जबकि एक नागरिक घायल हो गया।  मुठभेड़ के बाद किसी तरह की अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया है।  


आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पुलवामा जिला के टकिया वागम गांव में तीन से चार आतंकी बीती रात आए थे। इसका पता चलते ही आधी रात के बाद सेना की 55 आर.आर, एस.ओ.जी. और सी.आर.पी.एफ . के एक संयुक्त कार्यदल ने गांव की घेराबंदी कर ली। आज तडक़े करीब एक बजे जवानों ने जैसे ही आतंकी ठिकाना बने मकान की तरफ  आगे बढऩे का प्रयास किया तो आतंकियों ने जवानों पर ग्रेनेड फेंकने शुरू कर दिए और उसके बाद उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी गोलीबारी की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। इसमें सी.आर.पी.एफ . की 182वीं वाहिनी का एक जवान मनदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उसी समय श्रीनगर स्थित सेना के 92बेस अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई और वे वीरगति को प्राप्त हो गए।

स्थानीय नागरिक भी घायल
 वहीं आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच क्रास फायरिंग की चपेट में आकर एक स्थानीय नागरिक बशीर अहमद भी जख्मी हो गया। उसके कंधे पर गोली लगी है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि मुठभेड़ के दौरान जब वह अपने घर से बाहर भाग रहा था तो उस समय वह जख्मी हुआ है।

पत्थरबाजों ने भगा दिये आतंकी
गांव में गोलियों की गूंज से सुबह लोगों की आंख खुली। लेकिन नापाक पत्थरबाजों ने मुठभेड़ को रोकने के लिए सुरक्षाबलों पर पथराव शुरू कर दिया। सुरक्षाबलों ने आतंकियों की गोलियों का जवाब देते हुए हिंसक भीड़ पर भी काबू पाने का प्रयास किया। बताया जाता है कि आतंकियों ने जिन दो मकानों में ठिकाना बना रखा था, उनमें सवा तीन बजे के करीब अचानक जोरदार धमाके हुए और दोनों मकानों में आग लग गई। दमकल कर्मियों को आग बुझाने के लिए बुलाया गयाए लेकिन तब तक पथराव कर रही भीड़ बहुत बढ़ गई थी। सुरक्षाबलों ने अनावश्यक जनक्षति से बचने के लिए जैसे ही कुछ देर के लिए आतंकियों पर अपनी फायरिंग रोकी, आतंकी पथराव की आड़ में भाग निकले।
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News