गुवाहाटी जाने वाली IndiGo flight यात्रियों को बिना पासपोर्ट के ले गई ढाका...विमान में सवार कांग्रेस नेता ने शेयर की पोस्ट
punjabkesari.in Saturday, Jan 13, 2024 - 12:51 PM (IST)

नेशनल डेस्क : मुंबई से असम की राजधानी गुवाहाटी जा रहे इंडिगो के एक विमान का मार्ग गुवाहाटी में खराब मौसम के कारण ढाका की ओर परिवर्तित करना पड़ा। एयरलाइन ने शनिवार को बताया कि यह घटना शुक्रवार रात की है। इंडिगो ने बताया कि विमान को उसके गंतव्य तक ले जाने के लिए चालक दल के एक वैकल्पिक समूह की व्यवस्था की जा रही है।
उसने एक बयान में कहा, ‘‘मुंबई से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की उड़ान 5319 का मार्ग गुवाहाटी में खराब मौसम के कारण बांग्लादेश के ढाका की ओर परिवर्तित करना पड़ा। संचालन संबंधी वजहों से ढाका से विमान को गुवाहाटी ले जाने के लिए चालक दल के एक वैकल्पिक समूह की व्यवस्था की जा रही है।’’
एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों को लगातार जानकारियां दी जा रही हैं और उन्हें भोजन उपलब्ध कराया गया है। गुवाहाटी जाने वाली उड़ान में सवार एक यात्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शनिवार को कहा कि ‘‘घने कोहरे’’ के कारण विमान को ढाका ले जाया गया है। सभी यात्री विमान के भीतर हैं क्योंकि उनके पास पासपोर्ट नहीं है।
अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के प्रतिनिधि और प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष सूरज सिंह ठाकुर ने कहा, ‘‘मैंने मुंबई से गुवाहाटी के लिए इंडिगो की उड़ान 6ई 5319 ली। लेकिन घने कोहरे के कारण विमान गुवाहाटी नहीं पहुंच सका। इसके बजाय वह ढाका में उतरा। अब सभी यात्री बिना पासपोर्ट के बांग्लादेश में हैं, हम विमान के अंदर बैठे हैं।’’ ✈️
I took @IndiGo6E flight 6E 5319 from Mumbai to Guwahati. But due to dense fog, the flight couldn't land in Guwahati. Instead, it landed in Dhaka. Now all the passengers are in Bangladesh without their passports, we are inside the plane.✈️
— Suraj Singh Thakur (@SurajThakurINC) January 13, 2024