Indian Railway New Rules: वंदे भारत स्लीपर में VIP और इमरजेंसी कोटा खत्म, सबके लिए बराबर टिकट नियम

punjabkesari.in Monday, Jan 12, 2026 - 07:43 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय रेल देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है। यह अत्याधुनिक ट्रेन इसी महीने के अंत तक हावड़ा (कोलकाता) से कामाख्या (गुवाहाटी) के बीच चलाई जाएगी। खास बात यह है कि इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा को सर्वोपरि रखा गया है और इसमें VIP कोटा, इमरजेंसी कोटा या अधिकारियों के ट्रैवल पास की कोई व्यवस्था नहीं होगी।

सिर्फ कन्फर्म टिकट पर ही मिलेगा सफर का मौका

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में यात्रा के लिए केवल कन्फर्म टिकट ही जारी किए जाएंगे। इसमें वेटिंग लिस्ट और RAC टिकट मान्य नहीं होंगे। यहां तक कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी अपने पास या विशेष अधिकार के आधार पर इस ट्रेन में सफर नहीं कर सकेंगे। रेल मंत्रालय का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम यात्रियों को बिना किसी भेदभाव के बेहतर सुविधा मिल सके।

रात में चलेगी ट्रेन, 14 घंटे में तय करेगी 968 किमी

यह स्लीपर ट्रेन रात की यात्रा के लिए डिज़ाइन की गई है और लगभग 14 घंटे में 968 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह ट्रेन पूर्वी भारत को उत्तर-पूर्वी भारत से जोड़ने में एक अहम कड़ी साबित होगी और लंबे समय से यात्रियों की मांग को पूरा करेगी।

18 कोच, कुल 823 स्लीपर बर्थ

देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 18 कोच होंगे। इनमें

  • फर्स्ट एसी: 1 कोच (24 बर्थ)

  • सेकेंड एसी: 4 कोच (188 बर्थ)

  • थर्ड एसी: 11 कोच (611 बर्थ)

इस तरह ट्रेन में कुल 823 स्लीपर सीटें उपलब्ध होंगी।

बेहतर बेडरोल और स्थानीय भोजन की सुविधा

यात्रियों को इस ट्रेन में पूरी तरह नया और प्रीमियम क्वालिटी का बेडरोल दिया जाएगा, जो सामान्य ट्रेनों से काफी बेहतर होगा। साथ ही, सफर के दौरान स्थानीय व्यंजन परोसे जाएंगे। ट्रेन में तैनात पूरा स्टाफ डेडिकेटेड यूनिफॉर्म में रहेगा, जिससे सेवा की गुणवत्ता और पहचान दोनों बेहतर होंगी।

किन-किन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन

हावड़ा से कामाख्या (गुवाहाटी) के बीच चलने वाली यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन निम्नलिखित स्टेशनों पर ठहरेगी: बंडेल, नवद्वीप धाम, कटवा, अजीमगंज, न्यू फरक्का, मालदा टाउन, अलुआबाड़ी रोड, न्यू जलपाईगुड़ी, जलपाईगुड़ी रोड, न्यू कूचबिहार, न्यू अलीपुरद्वार, न्यू बोंगईगांव और रंगिया। गंतव्य कामाख्या जंक्शन, गुवाहाटी शहर के भीतर ही स्थित है।

आम यात्रियों के लिए एक नई पहल

कुल मिलाकर, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन भारतीय रेल की उस सोच को दर्शाती है जिसमें आम लोगों को प्राथमिकता, पारदर्शी टिकट व्यवस्था और उच्च स्तरीय सुविधाओं पर जोर दिया गया है। यह ट्रेन न केवल यात्रा को आरामदायक बनाएगी, बल्कि पूर्व और उत्तर-पूर्व भारत के बीच संपर्क को भी मजबूत करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News