New Rules : LPG, PAN से लेकर क्रेडिट कार्ड तक..., 3 दिन बाद होने जा रहे ये बड़े बदलाव
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 09:27 PM (IST)
नेशनल डेस्क : मार्च का आखिरी दौर चल रहा है और कुछ ही दिनों में नया वित्त वर्ष 2026-27 दस्तक देने वाला है। 1 अप्रैल 2026 से देशभर में कई अहम नियम बदलने जा रहे हैं, जिनका असर सीधे आम लोगों की जेब, टैक्स प्लानिंग और रोजमर्रा के खर्चों पर पड़ेगा। रसोई गैस की कीमतों से लेकर क्रेडिट कार्ड ट्रांजैक्शन और पैन कार्ड के उपयोग तक, कई मोर्चों पर अपडेट सामने आने वाले हैं। आइए समझते हैं कि नया महीना आपके लिए क्या बदलाव लेकर आ रहा है।
1 अप्रैल से बदलेगी गैस की कीमत
हर महीने की पहली तारीख को तेल विपणन कंपनियां एलपीजी सिलेंडर की दरों की समीक्षा करती हैं। 1 अप्रैल को भी नई कीमतें जारी की जाएंगी। फरवरी की शुरुआत में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी, जबकि 14 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमतों में पिछले साल अप्रैल से कोई बदलाव नहीं हुआ है। ऐसे में अब उपभोक्ताओं की नजर इस बात पर है कि नए वित्त वर्ष के पहले दिन राहत मिलेगी या बोझ बढ़ेगा।
सीएनजी, पीएनजी और हवाई ईंधन की दरों पर भी फैसला
एलपीजी के साथ-साथ एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में भी पहली तारीख को संशोधन होता है। एटीएफ महंगा या सस्ता होने से हवाई किरायों पर असर पड़ सकता है। इसके अलावा शहरी इलाकों में इस्तेमाल होने वाली सीएनजी और पीएनजी की दरों में भी बदलाव संभव है, जिससे परिवहन और घरेलू बजट प्रभावित हो सकता है।
क्रेडिट कार्ड लेनदेन पर सख्ती
1 अप्रैल 2026 से प्रस्तावित आयकर नियमों के तहत बड़े क्रेडिट कार्ड ट्रांजैक्शन पर नजर रखी जाएगी। यदि किसी व्यक्ति के एक या अधिक कार्ड से एक वित्त वर्ष में 10 लाख रुपये या उससे ज्यादा का भुगतान होता है, तो संबंधित बैंक इसकी जानकारी आयकर विभाग को देगा।
इसके अलावा पैन कार्ड आवेदन के लिए एड्रेस प्रूफ के तौर पर क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट स्वीकार किया जा सकता है। ऑनलाइन टैक्स भुगतान में भी क्रेडिट कार्ड को मान्यता मिलने की संभावना है। नए कार्ड के लिए आवेदन करते समय पैन देना अनिवार्य होगा।
पैन कार्ड के इस्तेमाल में बदलाव
नए ड्राफ्ट नियमों के लागू होने पर पैन से जुड़े कई प्रावधानों में संशोधन प्रस्तावित हैं। फिलहाल एक दिन में 50,000 रुपये से ज्यादा नकद जमा पर पैन जरूरी है, लेकिन नए नियमों में पूरे वित्त वर्ष के दौरान 10 लाख रुपये तक नकद जमा या निकासी पर निगरानी का प्रावधान हो सकता है। इसके अलावा 5 लाख रुपये से कम कीमत के वाहन की खरीद पर पैन देना जरूरी नहीं होगा। बीमा क्षेत्र में हर पॉलिसी खरीदते समय पैन अनिवार्य किया जा सकता है।
मार्च में बैंक बंद रहने के कई दिन
यदि आप बैंक से जुड़े जरूरी काम निपटाने की योजना बना रहे हैं, तो छुट्टियों की सूची जरूर देख लें। मार्च में होली, गुड़ी पड़वा, ईद, राम नवमी और महावीर जयंती जैसे त्योहारों के चलते कई दिन बैंक बंद रहेंगे। रविवार और दूसरे-चौथे शनिवार को मिलाकर पूरे महीने लगभग 18 दिन अवकाश रहेगा। ऐसे में ग्राहकों को पहले से योजना बनाकर काम निपटाने की सलाह दी जा रही है।
