ईरान हमले में एक भारतीय की मौत, ओमान तट के पास ऑयल टैंकर को बनाया निशाना

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 05:14 PM (IST)

नेशनल डेस्क : ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच एक दर्दनाक खबर सामने आई है। ओमान की खाड़ी में तेल टैंकर पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई। ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, यह हमला सल्तनत की राजधानी Muscat के तट से दूर हुआ। एजेंसी ने जहाज की पहचान MKD VYOM के रूप में की है और बताया कि मृत चालक दल का सदस्य भारत का नागरिक था।

जंग के पहले दिन ही होर्मुज जलडमरूमध्य बंद

संघर्ष की शुरुआत के पहले ही दिन Iran ने रणनीतिक रूप से अहम Strait of Hormuz को बंद करने का ऐलान कर दिया था। इसके बाद से कई देशों के जहाज इस मार्ग पर फंसे हुए हैं। फारस की खाड़ी के इस संकरे मुहाने के पास आने वाले जहाजों को लगातार धमकियां मिल रही हैं और कई हमलों की आशंका जताई जा रही है। ये हमले उस बड़े सैन्य टकराव के बीच हो रहे हैं, जिसकी शुरुआत Israel और United States द्वारा ईरान के खिलाफ किए गए हवाई हमलों के बाद हुई।

‘स्काईलाइट’ टैंकर भी बना निशाना

इससे पहले रविवार को भी एक और तेल टैंकर ‘स्काईलाइट’ पर हमला हुआ था। ओमान के मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर (MSC) के मुताबिक, पलाऊ का झंडा लिए यह जहाज ओमान के मुसैंडम प्रायद्वीप से महज पांच समुद्री मील दूर निशाना बनाया गया। हमले के समय जहाज पर 20 लोग सवार थे, जिनमें 15 भारतीय और 5 ईरानी नागरिक शामिल थे। इस घटना ने समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खाड़ी देशों में भारतीयों की सुरक्षा चिंता का विषय

ओमान की खाड़ी में मारे गए भारतीय नागरिक की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। खाड़ी देशों में लाखों भारतीय विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं। मौजूदा जंग के हालात में उनके परिजन भारत में गहरी चिंता में हैं। बताया जा रहा है कि ईरान में फंसे कई भारतीयों से उनके परिवारों का संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिससे अनिश्चितता और भय का माहौल बना हुआ है। अब सभी की नजरें भारत सरकार की आगे की रणनीति और क्षेत्र में हालात सामान्य होने पर टिकी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News