बांग्लादेश में इंडियन हाई कमीशन के अधिकारी की मौत, संदिग्ध हालात में मिली बॉडी

punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 08:27 PM (IST)

International Desk: बांग्लादेश के चटगांव स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग में तैनात एक भारतीय अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान हरियाणा निवासी 35 वर्षीय नरेंद्र के रूप में हुई है, जो भारतीय मिशन में सिक्योरिटी प्रोटोकॉल ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह नरेंद्र अपने कमरे से बाहर नहीं निकले और लगातार दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दूतावास के अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर कमरे से नरेंद्र का शव बरामद किया।

चटगांव मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चटगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, भारतीय उच्चायोग के अधिकारी भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। इस घटना के बाद भारतीय मिशन और सुरक्षा एजेंसियों में चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News