पाक मीडिया की नसीहत- कोरियाई देशों की तरह रिश्ते सुधारे भारत-पाकिस्तान

punjabkesari.in Monday, Apr 30, 2018 - 12:44 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पाकिस्तान अब भारत के साथ रिश्तों को सुधारने की कोशिश कर रहा है। इसी के तहत पाक मीडिया ने उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के संबंधों में आयी नरमी का हवाला देते हुए भारत और पाकिस्तान को भी अपने मतभेद सुलझाने का प्रयास करने की सलाह दी। मीडिया के अनुसार हालात को सामान्य बनाने और शांति स्थापित करने के लिए प्रयास करने चाहिए जो इस क्षेत्र के लिए बेहद जरूरी है। 

भारत-पाकिस्तान विवाद कोरिया से अलग 
पाकिस्तानी अखबार डॉन न्यूज ने अपने संपादकीय में लिखा कि भारत-पाकिस्तान के विवाद कोरिया से अलग हैं। दोनों देशों ने बहुत अलग और अपरिवर्तनीय इतिहास का निर्माण किया है जबकि दोनों कोरियाई देश एकीकरण की तलाश में हैं। फिर भी भारत और पाकिस्तान की स्थायी संस्कृति, अन्य समानताओं वाले लोगों का सांझा इतिहास, आम सपने तथा सांझा आकांक्षाएं तथा शांति की तलाश इस क्षेत्र के लिए ‘सबसे नेक मकसद’ होगा। 

शांति के मार्ग पर चलें दोनों देश 
संपादकीय में कहा गया कि कोरियाई शिखर सम्मेलन की अद्भुत कल्पना 1999 में भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ऐतिहासिक लाहौर यात्रा द्वारा बनाई गई अभूतपूर्व आशा और अपेक्षाओं की याद कराती है। यह समय भारत और पाकिस्तान के नेतृत्व के लिए दोस्ती और शांति के मार्ग पर फिर से चलने का है। हाल के वर्षों में भारत-पाकिस्तान संबंधों में फिर से खटास पैदा हुई है और दोनो देशों के बीच किसी प्रकार की द्विपक्षीय वार्ता नहीं हो रही है और दोनों पक्ष इसे ठंडे बस्ते में डाल रहे हैं। 

कोरियाई देशों ने सुलझाए मतभेद
गौरतलब है कि उत्तर-दक्षिण कोरिया दोनों देश इस समझौते पर आए हैं कि एक साल के भीतर कोरियाई उपमहाद्वीप से सभी तरह के न्यूक्लीयर हथियार हटा दिए जाएंगे। साथ ही अमेरिका के साथ बातचीत करते हुए इन दोनों देशों ने करीब 65 सालों से चले आ रहे कोरिया युद्ध को आधिकारिक तौर पर खत्म करने का भी फैसला लिया है। उत्तर और दक्षिण कोरिया की स्थिति भारत पाकिस्तान जैसी ही रही है। पहले एक शासन के अधीन कई साल बिताने के बाद कोरिया उपमहाद्वीप में भी एक बंटवारे की लकीर खींची गई। कोरिया के दोनों देशों में भी संबंध बहुत खराब रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News